स्वदेशी गौ-नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को जनआंदोलन बनाने की जरूरत : डॉ. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

: श्री कृष्ण गौशाला करनाल में गोपाष्टमी महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

: बच्चों को गौसेवा और भारतीय संस्कृति के संस्कारों से जोड़ने का किया आह्वान

करनाल, 17 नवम्बर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का अभिन्न अंग हैं। स्वदेशी गौ-नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का दायित्व भी है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर गौसेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा।

मंगलवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता करनाल स्थित श्री कृष्ण गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के चरणों में नमन करते हुए गीता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने युवाओं और बच्चों को गीता से जोड़कर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा दी है। उन्होंने गौशाला की स्थापना के 31 वर्ष पूर्ण होने पर प्रबंधन एवं गौभक्तों को बधाई दी। साथ ही आह्वान किया कि घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में स्वदेशी गौ-नस्लों को प्राथमिकता दी जाए तथा उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कहा कि गौसेवा के संस्कार अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। माता-पिता बच्चों को नियमित रूप से गौशालाओं में लेकर जाएं, ताकि उनमें बचपन से ही सेवा, संवेदना और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित हो। उन्होंने अपने बचपन का प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनकी दादी प्रतिदिन भोजन बनाने से पहले गाय के लिए दो रोटियां निकालती थीं। ऐसे ही पारिवारिक संस्कार जीवनभर सेवा की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद, नगर निगम महापौर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, श्री कृष्ण गौशाला प्रधान सुनील गुप्ता, मानव सेवा संघ से प्रेम मूर्ति महाराज, नवचेतना मंच करनाल से एसपी चौहान, डॉ. एसके गोयल, रामकुमार गुप्ता, गुरदयाल अग्रवाल, मेघा भंडारी एवं गौभक्त उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें