पालम विहार में आयोजित कार्यक्रम में लाल झंडा फहराया, रोहतक जनसभा में बड़ी भागीदारी का लिया संकल्प

गुरुग्राम, 24 अप्रैल 2026 – एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कमेटी, गुरुग्राम द्वारा पालम विहार स्थित पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला सचिव एवं राज्य कमेटी सदस्य कामरेड बलवान सिंह ने अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लाल झंडा फहराया और पार्टी के संस्थापक महान मार्क्सवादी चिंतक कामरेड शिवदास घोष के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित सामान्य बैठक में लेनिन स्मृति दिवस के अवसर पर कामरेड प्रभास घोष द्वारा दिए गए भाषण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वहारा दृष्टिकोण के आधार पर उनके विचारों को समझते हुए उन्हें जीवन में आत्मसात करने और सृजनात्मक ढंग से आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर कामरेड बलवान सिंह ने मार्क्सवाद-लेनिनवाद एवं शिवदास घोष के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शोषणमुक्त समाज की स्थापना के लिए क्रांतिकारी विचारधारा को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, सामाजिक विषमताओं और मजदूरों के शोषण के खिलाफ व्यापक एवं संगठित आंदोलन खड़ा करने पर जोर दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 26 अप्रैल को रोहतक स्थित यादव धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय जनसभा में गुरुग्राम, मानेसर एवं एनसीआर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मजदूर, किसान, छात्र और बुद्धिजीवी भाग लेंगे। इस जनसभा में केंद्रीय कमेटी के सदस्य कामरेड अरुण कुमार सिंह मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
इसके साथ ही गुरुग्राम, मानेसर सहित एनसीआर क्षेत्र में चल रहे मजदूर आंदोलनों पर चर्चा करते हुए सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की गई। पार्टी ने देशभर के मजदूरों से शोषण एवं दमन के खिलाफ संगठित, जुझारू और अनुशासित संघर्ष तेज करने की अपील की, साथ ही समाज के सभी वर्गों से मजदूरों के समर्थन में आगे आने का आह्वान किया।








