मानवाधिकार आयोग चेयरपर्सन जस्टिस ललित बत्रा ने विश्वास विद्यालय एंड डिसेबिलिटी रिसोर्स सेंटर का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हर कक्षा में जाकर बच्चों की शिक्षा, खेल और गतिविधियों का लिया जायजा

सभी विद्यार्थियों को मिल रही निशुल्क शिक्षा और थेरेपी सुविधा की सराहना

दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को बताया प्रेरणादायक

गुरुग्राम, 24 अप्रैल- हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन जस्टिस ललित बत्रा ने सेक्टर-46 स्थित विश्वास विद्यालय एंड डिसेबिलिटी रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में जाकर बच्चों की पढ़ाई, गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को करीब से देखा। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनकी रुचियों के बारे में जाना और शिक्षकों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जस्टिस ललित बत्रा ने शतरंज और टेबल टेनिस खेला। उन्होंने कम्प्यूटर लैब, संगीत कक्ष, स्पोर्ट्स गतिविधियों, साइन लैंग्वेज प्रशिक्षण और थेरेपी सत्रों को भी देखा। बच्चों की सक्रिय भागीदारी और आत्मविश्वास को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विश्वास विद्यालय एंड डिसेबिलिटी रिसोर्स सेंटर केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि दिव्यांग बच्चों के लिए आत्मनिर्भरता, सम्मान और नई संभावनाओं का मंच है।

उन्होंने कहा कि यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ जीवन कौशल, खेल, संगीत और तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जो उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का मजबूत माध्यम है।

विश्वास संस्था की शुरुआत वर्ष 2005 में केवल तीन लोगों की टीम के साथ हुई थी। आज यह संस्था करीब 1900 दिव्यांग बच्चों और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला चुकी है। वर्तमान में विद्यालय में 300 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 18 प्रतिशत विशेष आवश्यकता वाले सीडब्ल्यूएसएन विद्यार्थी शामिल हैं। यहां सभी बच्चे निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यालय में स्किल डेवलपमेंट एंड ट्रेनिंग, कम्युनिटी बेस्ड प्रोग्राम, डिसेबिलिटी रिसोर्स सेंटर, कम्प्यूटर, खेल, संगीत और साइन लैंग्वेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

यहां प्रत्येक बुधवार और प्रत्येक शुक्रवार को थेरेपी सत्र आयोजित किए जाते हैं। इन थेरेपी सत्रों में विद्यालय के बच्चों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोग भी अपनी थेरेपी करवाते हैं और यह सुविधा भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

इस अवसर पर मेंबर कुलदीप जैन, मेंबर दीप भाटिया, रजिस्ट्रार रवि कुमार सौंधी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी सरफराज खान, विश्वास विद्यालय एंड डिसेबिलिटी रिसोर्स सेंटर की चेयरपर्सन नीलम, कम्युनिकेशन मैनेजर शोभा, पवन कुमार, पूनम बत्रा और शिवाली सोंधी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें