पंचकूला में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज का भव्य नामांकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सैकड़ों गाड़ियों के काफिले और हजारों समर्थकों की मौजूदगी में कांग्रेस ने दिखाया दम, विकास और पारदर्शिता के मुद्दों पर जनता से मांगा समर्थन

चंडीगढ़/पंचकूला,  24/04/26 – पंचकूला नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए शुक्रवार को मेयर पद की प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज समेत सभी 20 वार्डों के उम्मीदवारों का नामांकन भव्य शक्ति प्रदर्शन के साथ दाखिल कराया। इस मौके पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई।

नामांकन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखते ही बनता था। सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ सुधा भारद्वाज नामांकन स्थल पहुंचीं, जहां पूरे रास्ते पार्टी के समर्थन में गूंजते नारों ने माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पंचकूला की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरी है और जनता इस बार निर्णायक बदलाव करेगी। उन्होंने सुधा भारद्वाज को मेहनती, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित बताते हुए उनकी जीत का विश्वास जताया।

मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने पंचकूला के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाएं, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने जनता से आशीर्वाद और समर्थन की अपील की।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और स्थानीय विधायक चंद्रमोहन ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

नामांकन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पंचकूला नगर निगम चुनाव में जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर विकास की नई दिशा तय करेगी।

कार्यक्रम में चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिन्दर सिंह लक्की, राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध, विधायक अकरम खान, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, शमशेर सिंह गोगी, जसबीर मलौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें