हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य ममता यादव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की
गुरुग्राम में परीक्षा को लेकर धारा 163 लागू, नकल रहित परीक्षा के संचालन के लिए 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

गुरुग्राम, 24 अप्रैल। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की एचसीएस (एक्जीक्यूटिव ब्रांच) एवं अन्य संबद्ध सेवाओं की 26 अप्रैल को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा के लिए गुरुग्राम जिला में 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य ममता यादव ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, पेपर वितरण अधिकारियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स के साथ अलग-अलग सत्रों में बैठक कर परीक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
श्रीमती ममता यादव ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को दो अलग-अलग सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह दस बजे से 12 बजे अपराहन तक तथा दूसरा सत्र दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगा। पहले सत्र के लिए प्रवेश सुबह 8.30 बजे तथा दूसरे सत्र के लिए 1.30 बजे से आरंभ होगा। परीक्षा आरंभ होने के दस मिनट पहले से किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सदस्य ने बताया कि आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा। मोबाइल फोन, ब्लू टूथ, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सिख अभ्यर्थी कड़ा और कृपाण के साथ परीक्षा केंद्र में आते हैं तो उन्हें जांच प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा और तय मानकों के अनुसार ही अनुमति दी जाएगी। वहीं विवाहित महिला अभ्यर्थियों को जांच के बाद मंगलसूत्र पहनने की अनुमति दी जाएगी।
परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला के सभी परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए है। जिला में परीक्षा को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लगा दी गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, मोबाइल जैमर, बैगेज प्रबंधन आदि इंतजामों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।
एडीसी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाए गए है। परीक्षा के लिए विकास सदन में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिसके नंबर 0124-2332363 तथा 2322211 है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में पीने के पानी, रोशनी व दीवार घड़ी आदि के प्रबंध भी कर लिए गए है। इस अवसर पर एसीपी सुशीला, परीक्षा की जिला कॉर्डिनेटर एवं जिला शिक्षा अधिकारी इंदू बोकन, हरियाणा लोक सेवा आयोग के अधीक्षक भूपेंद्र सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।








