राव नरेंद्र सिंह बोले— बाबा साहेब का विचार आज भी समाज को देता है समानता और अधिकारों की राह

गुरुग्राम। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर सेक्टर-87 स्थित गांव काकरौला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विशाल जनसभा के बीच बाबा साहेब की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम कांग्रेस के विशेष सहयोग से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राव नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के उद्धारक थे। उनका जीवन दर्शन समाज में व्याप्त असमानता को खत्म कर समानता और न्याय की स्थापना करता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शोषितों, वंचितों और दलितों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया और एक ऐसा संविधान दिया, जो हर नागरिक को समान अधिकार सुनिश्चित करता है।
उन्होंने आगे कहा कि 1891 में जन्मे इस महान व्यक्तित्व ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनका योगदान एक धूमकेतु की तरह सदैव देश और दुनिया में प्रकाश फैलाता रहेगा।
भाजपा पर साधा निशाना
प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार संविधान को कमजोर करने और आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा और गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं व वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
“बाबा साहेब का मिशन पूरा करेगी कांग्रेस”

कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि बाबा साहेब के विचारों को अपनाते हुए दलितों, शोषितों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि भाजपा संविधान को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलजा भाटिया, पूजा शर्मा, अनुसूचित विभाग के उपाध्यक्ष अनिल धानक, नगर निगम मेयर प्रत्याशी नीरज यादव, युवा नेता कुलदीप गुर्जर, कृष्ण राव, सतबीर पहलवान, मुकेश पवन चौधरी, योगेश यादव, मुकेश डागर, संजय भारद्वाज, इन्द्र यादव, राज कुमार यादव, विवेक कटारिया, महासिंह सरपंच, रामचंद्र सरपंच, राकेश यादव, अश्विनी यादव, दीपेश कौशिक, भीम सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समापन:
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।









