जिलेभर में 58 ट्रेनर्स ने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों में चलाया जागरूकता अभियान
16 अप्रैल से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया, नागरिक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे जानकारी

गुरुग्राम, 13 अप्रैल – जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में कुल 58 ट्रेनर्स ने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया और सेमिनार आयोजित किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और अन्य उपस्थित लोगों को स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी देना और इसे अधिक से अधिक सफल बनाना है।

सेमिनार में बताया गया कि 16 अप्रैल से शुरू होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया के तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करना होगा और वेरिफिकेशन कोड भरना होगा। इसके बाद घर के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही घर का पंजीकरण किया जा सकेगा।
इसके बाद भाषा विकल्प में उपलब्ध 16 भाषाओं में से अपनी भाषा चुननी होगी और ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करना होगा। आगे जिला और शहर का नाम दर्ज कर मैप पर दिख रहे लाल मार्कर को अपने घर की सही लोकेशन पर सेट करना होगा। इसके बाद हाउस लिस्टिंग से जुड़े 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। किसी भी कठिनाई की स्थिति में नोट्स और टूलटिप्स की मदद ली जा सकेगी। सभी जानकारी भरने के बाद डाटा को ध्यान से जांचकर सबमिट करना होगा। सबमिट करने के बाद सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। यह आईडी एसएमएस और ईमेल पर भी भेजी जाएगी और गणना कर्मियों को घर पर आने पर दिखानी होगी।








