अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया ने जलभराव संभावित स्थलों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जोन-2 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गुरुग्राम, 13 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना में अतिरिक्त आयुक्त पूजा चांवरिया ने अधिकारियों की टीम के साथ जोन-2 क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा कर मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संबंधित इंजीनियरों को सभी आवश्यक और प्रभावी प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बसई रोड, सेक्टर-9ए, न्यू कॉलोनी, मदनपुरी रोड, सेक्टर-7, बेरी वाला बाग, शिवाजी नगर तथा राजनगर चौक जैसे प्रमुख जलभराव संभावित बिंदुओं का दौरा किया गया। अतिरिक्त निगमायुक्त ने इन स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई, जल निकासी तंत्र की मरम्मत और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा उठान समय पर किया जाए तथा नियमित रूप से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम मानसून से पहले सभी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की समस्या को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की सुविधा और शहर की स्वच्छता बनाए रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!