नगर निगम गुरुग्राम की कार्रवाई तेज, 2025 में सर्वाधिक चालान, 2026 में भी सख्त निगरानी जारी
गुरुग्राम, 13 अप्रैल। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता विंग द्वारा नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 के दौरान कुल 4933 चालान किए गए हैं, जिनके माध्यम से 1,01,42,050 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
नगर निगम की यह कार्रवाई स्वच्छ गुरुग्राम अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। लगातार निगरानी और सख्ती के चलते शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर सबसे अधिक 3980 चालान किए गए, जिससे निगम को 87,34,050 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 953 चालान जारी किए जा चुके हैं और 14,08,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। ये आंकड़े स्पष्ट संकेत देते हैं कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट का गलत निस्तारण, खुले में कचरा जलाना सहित अन्य स्वच्छता नियमों की अनदेखी पर नगर निगम टीमों द्वारा चालान किया जाता है। निगम की टीमें नियमित रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नागरिक स्वच्छता मानकों का पालन करें।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को साफ-सुथरा रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम गुरुग्राम स्वच्छता को लेकर पूरी तरह गंभीर है और स्वच्छ गुरुग्राम के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, शहर की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम द्वारा निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी, लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना स्वच्छ गुरुग्राम का सपना पूरा नहीं हो सकता। नागरिकों से अनुरोध है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा ना फैंकें, बल्कि आसपास के क्षेत्र में स्थित गार्बेज ट्रॉली में या डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाड़ी में ही कचरा डालें। वहीं दुकानदारों से भी अनुरोध है कि वे अपने यहां डस्टबिन रखें तथा सडक़ पर कचरा फैंकने की बजाए डस्टबिन में डालें और निर्धारित स्थान पर ही उस कचरे को भिजवाएं।









