मजदूरों की गिरफ्तारी पर रोष, 30 हजार न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग

गुरुग्राम, 13 अप्रैल 2026: न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग को लेकर मानेसर में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और 20 महिलाओं सहित 55 मजदूरों की गिरफ्तारी के विरोध में सीटू ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को गुरुग्राम में तहसीलदार के माध्यम से हरियाणा सरकार को मांग पत्र भेजकर घटना की निंदा की गई और गिरफ्तार मजदूरों की तत्काल रिहाई की मांग उठाई गई।
सीटू के राज्य उपाध्यक्ष कामरेड सतबीर सिंह ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन का मजदूरों, विशेषकर महिलाओं के प्रति दमनकारी रवैया बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मजदूर अत्यंत दयनीय परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। लगातार बढ़ती महंगाई, मकान किराया, गैस सिलेंडर और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने मजदूरों की स्थिति और खराब कर दी है।
उन्होंने कहा कि मजदूर 12-12 घंटे काम करने के बावजूद न तो उन्हें ओवरटाइम मिल रहा है और न ही न्यूनतम वेतन। सरकार पर श्रम कानूनों को लागू न करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों से न्यूनतम वेतन में कोई संशोधन नहीं किया गया है।
सीटू जिला अध्यक्ष सुरेश नौहरा ने बताया कि मानेसर में मजदूर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने बातचीत के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि 20 महिलाओं सहित 55 मजदूरों पर मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया और मजदूर नेताओं को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दबाव में सरकार को वेतन वृद्धि की घोषणा करनी पड़ी, लेकिन यह बढ़ोतरी बेहद नाकाफी है।
सीटू जिला कमेटी ने मांग की है कि सरकार दमनकारी नीति छोड़ते हुए सभी गिरफ्तार मजदूरों को तुरंत रिहा करे और महंगाई के अनुरूप कम से कम 30,000 रुपये न्यूनतम वेतन लागू करे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। राज्य कमेटी के आह्वान पर सीटू गुरुग्राम ने 16 अप्रैल को प्रदेशभर में होने वाले प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का ऐलान किया है।
इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर्स यूनियन की जिला सचिव रानी, मिड-डे मील की जिला अध्यक्ष मूर्ति, सचिव नीतू, आशा वर्कर यूनियन की मीरा, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला सचिव सतबीर, प्रधान पूनम, बिमलेश, महिला समिति की राज्य महासचिव उषा सरोहा, तथा ट्रांसपोर्ट ऑटो रिक्शा यूनियन से मोहम्मद अनवर और दिनेश रंगा सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।








