बैसाखी मेले में मुख्यमंत्री ने किया ‘विरासत’ प्रदर्शनी का उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से पुरानी परंपराओं के होते हैं दर्शन : मुख्यमंत्री

कुरुक्षेत्र, 13 अप्रैल (प्रमोद कौशिक): पवित्र ब्रह्मसरोवर पर आयोजित बैसाखी महोत्सव 2026 के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा पैवेलियन में ‘विरासत’ सांस्कृतिक प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष तेजिंदर सिंह गोल्डी, पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक सुभाष सुधा, सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के वाइस चेयरमैन धुम्मन सिंह किरमिच तथा जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीना (आईएएस) भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी के संयोजक अभिनव ने बताया कि मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह स्वरूप उनका चित्र भेंट किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक पहल प्रदेश की प्राचीन परंपराओं और गौरवशाली विरासत को सजीव रूप में प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, इतिहास और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संयोजक अभिनव के अनुसार, प्रदर्शनी में हरियाणा के हस्तशिल्प और ग्रामीण जीवन से जुड़ी प्राचीन वस्तुओं का विशेष प्रदर्शन किया गया है। यहां दर्शकों को पारंपरिक जीवन शैली, रहन-सहन और लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिल रही है। मेले का मुख्य आकर्षण हरियाणवी पगड़ी सेक्शन और सेल्फी प्वाइंट बना हुआ है, जहां बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक पगड़ी पहनकर फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं।

इसके अलावा हरियाणवी फुलझड़ी, लोक वेशभूषा, फुलकारी कला सहित विभिन्न हस्तकलाओं को भी पर्यटकों ने खूब सराहा। प्रदर्शनी में कुम्हार द्वारा पारंपरिक चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाने का लाइव प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। साथ ही बिजना और दरी बुनाई, गुड्डा-गुड़िया निर्माण, पीढ़ा व चारपाई बुनाई जैसी पारंपरिक कलाओं ने भी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें