समालखा मंडी में अव्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, किसानों की दुर्दशा देख भड़के राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारदाना की कमी, तौल में गड़बड़ी और बारिश से खराब हो रहा अनाज—किसानों को तत्काल राहत देने की मांग

चंडीगढ़/समालखा: हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने समालखा अनाज मंडी का आकस्मिक दौरा कर वहां फैली अव्यवस्था और किसानों की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई। मंडी में किसानों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन को तुरंत समाधान के निर्देश देने की मांग की।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मंडी में किसान कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। बारदाना की भारी कमी, बारिश के चलते खुले में पड़ा अनाज, तौल मशीनों में अनियमितता और लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान अव्यवस्था ने किसानों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि “किसान अपनी मेहनत की फसल लेकर मंडी पहुंचते हैं, लेकिन यहां उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रहीं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

मंडी में मौजूद किसानों ने बताया कि कई दिनों से उनकी फसल की नीलामी में देरी हो रही है और उन्हें उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा। इस पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वे इस पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंडी में तुरंत बारदाना उपलब्ध कराया जाए, अनाज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त शेड बनाए जाएं और तौल प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही उन्होंने खराब हुई फसल के मुआवजे को लेकर भी कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बेमौसमी बारिश से किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है और वे आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। ऐसे में सरकार को तुरंत स्पेशल गिरदावरी कराकर किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी हर समस्या के समाधान के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री विजेंद्र सिंह कादियान, जिला अध्यक्ष रमेश मलिक, बलजीत सिंह, संजय छोक्कर, सचिन कुंडू, कंवर सिंह छौक्कर, अंजू छौक्कर, शौर्यवीर कादियान, हेमंत सरोहा सहित कई स्थानीय किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!