सिग्नेचर टावर ग्रीन बेल्ट में विशेष स्वच्छता अभियान, 100 किलो प्लास्टिक कचरा हटाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत एमसीजी और क्लीन अप गुरुग्राम ने चलाया अभियान, एमसीजी स्वच्छता सैनिकों के साथ 15 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा

गुरुग्राम, 27 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियानों के तहत शहर में स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एमसीजी ने क्लीन अप गुरुग्राम के सहयोग से सिग्नेचर टावर ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान में एमसीजी स्वच्छता सैनिकों के साथ क्लीन अप गुरुग्राम के 15 स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीम ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में जमा विभिन्न प्रकार के कचरे को हटाकर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया।

सीएंडडी वेस्ट और फुटपाथ की भी की गई सफाई

स्वच्छता अभियान के दौरान टीम द्वारा ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में जमा निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट को पूरी तरह हटाया गया। इसके साथ ही क्षेत्र के फुटपाथ की सफाई करते हुए वहां जमा कचरे, खरपतवार एवं अन्य गंदगी को हटाया गया। अभियान के दौरान ग्रीन बेल्ट में पड़ा पॉलीथिन एवं प्लास्टिक कचरा भी एकत्रित किया गया। अभियान में करीब 100 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा हटाया गया, जिससे क्षेत्र को अधिक स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिली।

जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मिल रही मजबूती

‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का उद्देश्य केवल सार्वजनिक स्थानों की सफाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों और स्वयंसेवी संगठनों को स्वच्छता व्यवस्था से जोड़ना भी है। क्लीन अप गुरुग्राम के स्वयंसेवकों की भागीदारी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्रीन बेल्ट जैसे सार्वजनिक एवं हरित क्षेत्रों में सीएंडडी वेस्ट, प्लास्टिक और अन्य कचरे का जमा होना क्षेत्र की सुंदरता को प्रभावित करता है। ऐसे स्थानों पर नियमित सफाई के साथ-साथ नागरिकों की जागरूकता और जिम्मेदारी भी जरूरी है।

स्वच्छ एवं हरित गुरुग्राम का संदेश

अभियान के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें तथा कचरे को निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से ही निस्तारित करें। नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि स्वच्छता अभियानों में नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाकर शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाया जाए। स्वच्छ गुरुग्राम के इस प्रयास में एमसीजी और नागरिकों की साझी भागीदारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!