पालम विहार में स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों और सब्जी विक्रेताओं को किया जागरूक*

गुरुग्राम, 27 सितंबर- हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी), गुरुग्राम (उत्तर) की ओर से पालम विहार में स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों, सब्जी विक्रेताओं और आम लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई तथा इसके उपयोग से बचने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम (उत्तर) की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के कारण पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को देखते हुए लोगों को इसके सही तरीके से निपटान के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि सब्जी विक्रेताओं को सिंगल यूज प्लास्टिक की प्रतिबंधित कैरी बैग के स्थान पर कपड़े के बैग इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें कपड़े के बैग वितरित किए गए। वहीं, स्थानीय निवासियों को किराना और अन्य घरेलू सामान ले जाने के लिए जूट के बैग वितरित किए गए।

कार्यक्रम में लोगों से कचरे का उचित निपटान करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए नागरिकों और स्थानीय विक्रेताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सिंगल यूज प्लास्टिक से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण अनुकूल आदतों को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में जागरूकता और प्रवर्तन गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!