तय समय के बाद खुले पब-बार तो होगी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रवेश द्वार पर अधिकृत संचालन समय का बोर्ड लगाना अनिवार्य; निगरानी में लापरवाही पर पुलिस अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही

गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम में आबकारी विभाग से अधिकृत समय-सीमा के बाद पब, बार और रेस्तरां का संचालन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस आयुक्त सिबास कबिराज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और लिखित आदेशों के माध्यम से सभी पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों तथा थाना प्रबंधकों को निर्धारित संचालन समय का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

गुरुग्राम पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय समाप्त होने के बाद किसी भी संबंधित प्रतिष्ठान को संचालित नहीं होने दिया जाए। उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और निगरानी में किसी भी तरह की ढिलाई को गंभीरता से लिया जाए।

प्रवेश द्वार पर लगाना होगा समय का बोर्ड

सभी पब, बार और रेस्तरां संचालकों को अपने प्रतिष्ठान के प्रवेश द्वार पर आबकारी विभाग द्वारा अधिकृत संचालन समय प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। संचालकों की जिम्मेदारी होगी कि बोर्ड पर दर्ज अधिकृत समय का पूरी तरह पालन किया जाए और समय-सीमा समाप्त होने के बाद प्रतिष्ठान का संचालन जारी न रहे।

अधिकारी स्वयं करेंगे औचक जांच

पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रबंधकों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में व्यक्तिगत रूप से औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इन जांचों के दौरान यह देखा जाएगा कि प्रतिष्ठान आबकारी विभाग द्वारा स्वीकृत समय के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।

संबंधित पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त अपने क्षेत्र में संचालन समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

कागजों तक सीमित न रहें आदेश

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी पब, बार अथवा रेस्तरां में समय-सीमा का उल्लंघन पाए जाने पर मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि आदेश केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर उनका प्रभावी पालन दिखाई दे।

जारी निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

संचालकों से नियमों के पालन की अपील

गुरुग्राम पुलिस ने पब, बार और रेस्तरां संचालकों से आबकारी विभाग द्वारा निर्धारित अधिकृत समय का सख्ती से पालन करने तथा प्रवेश द्वार पर समय-सीमा स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिष्ठानों की निगरानी की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!