गुरुग्राम, 28 मार्च 2026 । दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने 23 से 26 मार्च 2026 के दौरान एनईएफटी या आरटीजीएस लेनदेन में आई तकनीकी समस्या के चलते प्रभावित उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। इस अवधि में लगभग 1900 उपभोक्ता प्रभावित हुए, जिनमें से 1526 उपभोक्ताओं की बिल भुगतान की अंतिम तिथि 25 मार्च या 27 मार्च 2026 थी।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार इन 1526 उपभोक्ताओं की भुगतान अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मार्च 2026 कर दी है। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर सीसीबी में पंजीकृत हैं, उन्हें इस संबंध में एसएमएस के माध्यम से सूचना भी भेज दी गई है।
निगम प्रवक्ता संजय चुघ ने बताया कि प्रभावित 1900 से अधिक उपभोक्ताओं की सूची संबंधित सर्कल कार्यालयों को भेज दी गई है, ताकि फील्ड स्तर पर क्षेत्रीय कार्यालय एवं अधिकारी ऐसे उपभोक्ताओं की तुरंत सहायता कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अन्य उपभोक्ता, जिसने एनईएफटी या आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किया है और किसी प्रकार की समस्या का सामना किया है, तो वह एसईआईटी@डीएचबीवीएन डॉट ओआरजी डॉट आईएन ( seit@dhbvn.org.in) पर सूचना दे सकता है। ऐसे मामलों में भी आवश्यकता अनुसार व्यक्तिगत केस-टू-केस आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।








