डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देशों पर फोर्टिस अस्पताल की पहल, कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेंगी सेवाएं
गुरुग्राम, 26 मार्च। जिला प्रशासन गुरुग्राम द्वारा आमजन और कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की गई है। डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लघु सचिवालय गुरुग्राम के भूतल पर फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से एक मेडिकल सेंटर की स्थापना की गई है। इस मेडिकल सेंटर के माध्यम से सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों एवं प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले आगंतुकों को मुफ्त चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सकेगा। यह सुविधा कार्यदिवसों पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
मेडिकल सेंटर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ और आवश्यक उपकरणों की तैनाती की गई है। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन परिस्थितियों में लाभकारी सिद्ध होगी, जहां समय पर उपचार मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इससे न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि आगंतुकों को भी सुरक्षित और सहज वातावरण प्राप्त होगा।
इसके अतिरिक्त, फोर्टिस अस्पताल द्वारा समय-समय पर वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों के विजिट भी सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे जटिल स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञ स्तर की सलाह भी उपलब्ध हो सकेगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि लघु सचिवालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सके और किसी भी आपात स्थिति में उसे तुरंत राहत मिल सके।








