कैनरा एचएसबीसी द्वारा सीएसआर के तहत कराया गया निर्माण, विद्यार्थियों को मिली आधुनिक सुविधाएं

गुरुग्राम, 26 मार्च-एडीसी सोनू भट्ट ने कैनरा एचएसबीसी बैंक द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत गांव हयातपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए नए शैक्षणिक ब्लॉक और पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान एडीसी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए जरूरी सुविधाएं मिलना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिलता है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।

एडीसी सोनू भट्ट ने कैनरा एचएसबीसी के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि निजी संस्थानों का सामाजिक कार्यों में योगदान समाज के विकास को नई दिशा देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्य जारी रहेंगे।
विद्यालय में बनाए गए नए ब्लॉक में सुसज्जित कक्षाएं तैयार की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को बैठने और पढ़ने के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी। इसके अलावा पुस्तकालय में विभिन्न विषयों की उपयोगी किताबें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्रों को अतिरिक्त ज्ञान प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
विद्यालय प्रबंधन ने इस कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर सीएसआर ट्रस्ट हरियाणा के पूर्व एडिशनल सीईओ गौरव सिंह, एचएसबीसी बैंक के अधिकारी, स्कूल का स्टाफ व क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।








