सभी जोनों में सख्त मॉनिटरिंग, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ाया जाएगा
गुरुग्राम, 26 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और साफ-सफाई के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक एक माह का विशेष ‘इंटेंसिव सैनिटेशन ड्राइव’ चलाया जाएगा। यह अभियान निगम के सभी जोनों में एक साथ लागू होगा।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अभियान के तहत गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) का उन्मूलन, मैकेनाइज्ड एवं मैनुअल रोड स्वीपिंग को प्रभावी बनाना, आंतरिक सड़कों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करना तथा बागवानी कचरे के उचित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक जोन में संबंधित संयुक्त आयुक्त को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामित अधिकारियों में जोन-I में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, जोन-II में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जलुका, जोन-III में अतिरिक्त निगमायुक्त रविंदर यादव तथा जोन-IV में संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीत पाल सिंह शामिल हैं। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की निगरानी, निरीक्षण एवं दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान सभी जोनों को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा, जिसमें ‘पहले और बाद’ की फोटोग्राफ्स भी शामिल होंगी। साथ ही, निगमायुक्त द्वारा विभिन्न जोनों में औचक निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त मैनपावर, मशीनरी एवं वाहनों के लिए समय रहते प्रस्ताव प्रस्तुत करें। इसके साथ ही वार्ड पार्षदों, आरडब्ल्यूए, बाजार संघों, एनजीओ एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैर-प्रदर्शन को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान के माध्यम से गुरुग्राम को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स का पूर्ण उन्मूलन, सड़कों की नियमित सफाई और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करना इस अभियान के प्रमुख उद्देश्य हैं। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर निर्धारित समयसीमा के भीतर ठोस परिणाम सुनिश्चित करें। निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे शहर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय सहयोग करें और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।








