डीसी अजय कुमार ने जन समस्याएं सुनीं, मौके पर ही निस्तारण के दिए निर्देश
विभिन्न विभागों ने शिविर लगाकर योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
डीसी बोले— पारदर्शी व त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

गुरुग्राम, 26 मार्च। हरियाणा सरकार की ‘रात्रि ठहराव’ पहल के अंतर्गत जिला प्रशासन ने बुधवार को पटौदी खंड के खोड़ गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान डीसी अजय कुमार ने गांव में रात्रि प्रवास करते हुए ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

गांव में आगमन पर डीसी अजय कुमार का सरपंच आजाद सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत डीसी ने विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम के दौरान सरपंच आजाद सिंह ने ग्राम पंचायत की ओर से अपनी मांगें डीसी के समक्ष रखीं। डीसी ने आश्वस्त किया कि गांव के समग्र विकास के लिए सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

डीसी अजय कुमार ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में महिलाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
रात्रि ठहराव में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी, समस्याओं का हुआ मौके पर समाधान

रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत तथा सामुदायिक समस्याएं डीसी अजय कुमार के समक्ष रखीं, जिनमें पेंशन, बिजली, स्वच्छता और पेयजल से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल सके।
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लगभग 30 व्यक्तिगत शिकायतों की सुनवाई की गई। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं

रात्रि ठहराव के दौरान दर्ज शिकायतों की होगी मॉनिटरिंग
डीसी अजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम शुरु किया जो एक काफी अच्छी पहल है जिससे ग्रामीणों को सीधे जिला प्रशासन से संवाद का बेहतरीन अवसर मिलता है। जिले का 15वां रात्रि ठहराव खोड़ गांव में आयोजित हुआ है व प्रत्येक माह ये अलग-अलग गांवों में आयोजित होगा। रात्रि ठहराव के दौरान शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाएगी।

डीसीपी दीपक ने कहा कि युवा गांव के विकास में योगदान दें। युवा नशे से दूर रहें व अपने सर्वांगीण विकास पर फोकस करें। युवा खेलों से जुड़े। नशे के जो आदी हैं वह भी नशे को छोड़कर अच्छा नागरिक बन सकता है।उन्होंने कहा कि नशे के बारे में कोई भी ग्रामीण पुलिस को सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। ग्रामीणों को साइबर क्राइम को लेकर भी जागरूक किया।
विभागों के कैंपों का ग्रामीणों ने उठाया लाभ
रात्रि ठहराव के दौरान विभिन्न विभागों ने कैंप लगाते हुए सरकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को अवगत करवाया कि किस प्रकार से इन योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच कैंप लगाया गया जहां ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इसके अलावा कृषि एवं किसान कल्याण, जनस्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, डीएचबीवीएन आदि विभिन्न विभागों ने अपने कैंप लगाते हुए ग्रामीणों को जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
रात्रि ठहराव के दौरान एसडीएम दिनेश लुहाच, डीडीपीओ नवनीत कौर, तहसीलदार रोहतास, नायब तहसीलदार मोहम्मद खान, बिजली विभाग से एक्सईन गौरव चौधरी, पटवारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








