देश की ऊर्जा सुरक्षा मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मोहन लाल बड़ौली*
चार अप्रैल को सफीदो विधानसभा में होगी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशाल रैली : बड़ौली
मुख्यमंत्री नायब सैनी कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन एवं शिलान्यास

चंडीगढ़, 24 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने पिल्लूखेड़ा मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सफीदो विधानसभा में 4 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशाल रैली होगी। इस रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे और क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण सौगातें भी देंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि यह रैली इलाके के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली सफीदो हल्के में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमो में भी शामिल हुए।
मोहन लाल बड़ौली ने अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितयों और खाड़ी देशों में बनी युद्ध जैसी स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि इस वैश्विक संकट के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में गैस सुचारू रूप से उपभोक्ताओं को मिल रही है। पीएम मोदी ने संसद में देशवासियों खासकर किसानों को भी आश्वस्त किया है कि किसी भी तरह की परेशानियां नहीं आने दी जाएगी। मोदी सरकार वैश्विक शांति और अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हरियाणा के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो संकल्प लेती है उसे संकल्पित होकर पूरा करती है। नायब सैनी सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है। हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य है जहां किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के मैरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, महिलाएं, युवा और किसानों को समृद्ध और सशक्त करना भाजपा सरकार का संकल्प है।
श्री बड़ौली ने कहा कि चार अप्रैल को होने वाली मुख्यमंत्री नायब सैनी की रैली इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक रैली साबित होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर सफीदो क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचकर इसे सफल बनाएं। इस मौके पर जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, वरिष्ठ बीजेपी नेता विजयपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजबीर सिंह रोहिला, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया भी मौजूद रहे।







