विकास के दावे खोखले, जमीन पर सच्चाई कुछ और

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वर्धन यादव ने सैनी सरकार पर बोला हमला

गुरुग्राम। गुरुग्राम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वर्धन यादव ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बादशाहपुर महारैली में किए गए विकास संबंधी दावों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत 2047 के नाम पर बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल उलट है। वर्धन यादव ने कहा मुख्यमंत्री सैनी के दोनों प्रमुख कार्यक्रम—विकसित बादशाहपुर महारैली और शहीदी दिवस समारोह—का आयोजन होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा किया गया। यहां यह सवाल भी उठता है कि शहीदी दिवस जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का आयोजन प्रशासन या सामाजिक संगठनों की बजाय एक डेवलपर संस्था द्वारा क्यों किया गया, जबकि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और पूरा जिला प्रशासन मौजूद रहा।

वर्धन यादव ने कहा कि जिन इलाकों को विकास का मॉडल बताया जा रहा है, वहां आज भी सीवरेज ओवरफ्लो, जलभराव, टूटी सड़कों और भारी ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं आम हैं। उन्होंने 15 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वास्तव में इतनी बड़ी राशि खर्च हुई है, तो जनता को उसका प्रत्यक्ष लाभ क्यों नहीं दिख रहा? उन्होंने कहा कि विकास कागजों और भाषणों में नहीं, जमीन पर नजर आना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2709 लाभार्थियों को चाबियां सौंपने के कार्यक्रम को भी “इवेंट मैनेजमेंट” करार दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 2709 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत “घर की चाबियां” सौंपना बताया गया था, लेकिन मौके पर लाभार्थियों को केवल आवंटन पत्र दिए गए।

वर्धन यादव ने कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार” का दावा भी पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के बीच समन्वय की कमी के चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि पारदर्शी, जवाबदेह और धरातल पर दिखने वाला विकास चाहती है, जिसमें हर वर्ग को वास्तविक लाभ मिले।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!