गुरुग्राम में खुले में कचरा जलाने पर रोक और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन को लेकर एमसीजी और डब्ल्यूआरआई इंडिया की संयुक्त पहल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर में ‘जीरो ओपन वेस्ट बर्निंग’ लक्ष्य हासिल करने और निर्माण एवं विध्वंस कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए तकनीकी सहयोग देगा डब्ल्यूआरआई इंडिया

गुरुग्राम, 13 मार्च। गुरुग्राम में स्वच्छ वायु और बेहतर पर्यावरण प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने डब्ल्यूआरआई इंडिया के साथ रणनीतिक सहयोग का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत शहर में खुले में कचरा जलाने (ओपन वेस्ट बर्निंग) को समाप्त करने और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरे के बेहतर प्रबंधन पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।

इसके तहत निगमयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि डब्ल्यूआरआई इंडिया, एमसीजी को तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा ताकि शहर में वायु प्रदूषण के दो प्रमुख कारणों जैसे खुले में कचरा जलाना और अनियंत्रित सीएंडडी वेस्ट को प्रभावी तरीके से कम किया जा सके।

ओपन वेस्ट बर्निंग को रोकने के लिए शहर में विस्तृत अध्ययन किया जाएगा, जिसमें गुरुग्राम के उन स्थानों की पहचान की जाएगी जहां कचरा जलाने की घटनाएं अधिक होती हैं। इसके साथ ही कचरा जलाने के पीछे के कारणों का भी विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर नगर निगम के कर्मचारियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), स्कूलों और कॉलेजों के लिए व्यापक जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों में व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा दिया जा सके और कचरा जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।

इस पहल के तहत एमसीजी और डब्ल्यूआरआई इंडिया चयनित आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर ‘जीरो ओपन वेस्ट बर्निंग मॉडल’ को जमीन पर लागू करेंगे। इसके लिए सामुदायिक स्तर पर “कम्युनिटी चैंपियंस” को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो लंबे समय तक इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। साथ ही इस पहल के प्रभाव का आकलन करने के लिए नियमित इम्पैक्ट असेसमेंट भी किया जाएगा, जिससे कचरा जलाने की घटनाओं और उससे होने वाले उत्सर्जन में कमी को मापा जा सके।

निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरे के प्रबंधन के लिए भी इस सहयोग के तहत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। शहर में ऐसे स्थानों की पहचान की जाएगी जहां सीएंडडी कचरा अवैध रूप से डंप किया जाता है और वहां विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे को हटाया जाएगा। इसके साथ ही शहर में सीएंडडी कचरे के लिए एक समग्र प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी, जिसमें विकेन्द्रीकृत कलेक्शन प्वाइंट, बेहतर परिवहन व्यवस्था और प्रोसेसिंग सुविधाओं को मजबूत करना शामिल होगा।

निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए शहर में रीसाइक्ल किए गए सीएंडडी मैटेरियल के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामुदायिक स्तर पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोग जिम्मेदारी के साथ कचरे का निपटान करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक में संयुक्त आयुक्त रविन्द्र यादव व कार्यकारी अभियंता प्रवीण राघव सहित डब्ल्यूआरआई इंडिया की एयर क्वालिटी टीम के वरिष्ठ सदस्य प्रोग्राम डायरेक्टर कुमार कुमारस्वामी, सीनियर प्रोग्राम मैनेजर भव्य शर्मा, प्रोग्राम मैनेजर संजर अली तथा प्रोग्राम मैनेजर आदित्य अजित उपस्थित रहे।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम और डब्ल्यूआरआई इंडिया के इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य गुरुग्राम में स्वच्छ हवा, बेहतर कचरा प्रबंधन और टिकाऊ पर्यावरणीय समाधान विकसित करना है, ताकि शहर को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!