राज्यपाल प्रोफेसर अशिम कुमार घोष के जन्मदिवस पर रेड क्रॉस ने लगाए रक्तदान शिविर, 294 यूनिट रक्त संग्रहित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वास्थ्य जांच शिविरों में 1500 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

गुरुग्राम, 12 मार्च। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी गुरुग्राम द्वारा हरियाणा के राज्यपाल एवं अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा, प्रोफेसर अशिम कुमार घोष के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।

सभी शिविर डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी व महासचिव डॉ. सुनील कुमार के दिशा-निर्देशन में सम्पन्न हुए।

इस पुनीत कार्य में जिले के एसजीटी विश्वविद्यालय, सुशांत विश्वविद्यालय, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, क्लोरिन इंडिया कंपनी, शूरूगा इंडिया लिमिटेड तथा गोदरेज नेचर प्लस ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। रेड क्रॉस द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में जिले के कई गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इनमें डॉ. एलीना, डॉ. सुनील कुमार, बाल कल्याण मंडल अधिकारी कमलेश शास्त्री, रश्मि जैन, वाइस चांसलर संजय कौशिक तथा रजिस्ट्रार डॉ. संजय अरोड़ा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इन शिविरों में कुल 294 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने प्रदेश की सभी जिला शाखाओं को संदेश देते हुए कहा कि भविष्य में हरियाणा में किसी भी गणमान्य व्यक्ति के जन्मदिवस या विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर रक्तदान शिविर और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उनके आह्वान पर प्रदेश की सभी जिला शाखाओं ने पहली बार एक साथ राज्यपाल का जन्मदिवस रक्तदान शिविर आयोजित कर मनाया। इसी क्रम में जिला शाखा गुरुग्राम ने 7 रक्तदान शिविर, 3 स्वास्थ्य जांच शिविर तथा एक प्रोटीन डाइट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया।

जिला रेड क्रॉस सचिव विकास कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें, ताकि जरूरत के समय किसी भी व्यक्ति को रक्त की कमी के कारण अपनी जान न गंवानी पड़े।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रेड क्रॉस द्वारा आयोजित तीन स्वास्थ्य जांच शिविरों में लगभग 1500 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा 50 टीबी रोगियों को प्रोटीन डाइट वितरित की गई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!