अधिकारियों व कर्मचारियों को हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस की प्रक्रिया की दी जानकारी
मास्टर ट्रेनर प्रशांत शर्मा ने दी डिजिटल सिस्टम व डेटा प्रबंधन की जानकारी
डिजिटल माध्यम से होने वाली जनगणना के लिए अधिकारियों को तकनीकी प्रक्रियाओं का दिया गया प्रशिक्षण

गुरुग्राम, 12 मार्च- जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत गुरुग्राम में अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। यह प्रशिक्षण आगामी जनगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यशाला में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी। प्रशिक्षण में हाउस लिस्टिंग, हाउसिंग सेंसस, डेटा संकलन, फील्ड स्तर पर कार्य प्रणाली तथा सामग्री वितरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों को यह भी बताया गया कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जानकारी सीधे केंद्रीय सर्वर पर सुरक्षित रूप से दर्ज की जाएगी, जिससे कार्य की निगरानी और सत्यापन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
मास्टर ट्रेनर प्रशांत शर्मा ने अधिकारियों व कर्मचारियों को डिजिटल जनगणना प्रणाली, डाटा भरना और फील्ड में आने वाली संभावित परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसमें जुटे सभी अधिकारी व कर्मचारी प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें और फील्ड में कार्य करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना से देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा विभिन्न संसाधनों की सटीक जानकारी प्राप्त होती है, इसलिए डेटा संकलन के दौरान पूर्ण सावधानी बरतना आवश्यक है। सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि जनगणना के दौरान प्राप्त होने वाली जानकारी पूरी तरह सटीक और प्रमाणिक होनी चाहिए, ताकि भविष्य की योजनाओं के लिए सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
अधिकारियों को बताया गया कि प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को डिजिटल एप्लिकेशन, यूजर मैनेजमेंट सिस्टम और डेटा प्रबंधन की प्रक्रिया से परिचित कराया जा रहा है, ताकि आगामी जनगणना कार्य निर्धारित समय में सुचारू रूप से संपन्न हो सके। साथ ही फील्ड स्टाफ को यह भी समझाया गया कि किसी भी तकनीकी या व्यावहारिक समस्या की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समाधान किया जाए।
कार्यक्रम में नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश, डीसीओ अधिकारी गुरविंदर पाल सिंह, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर देवेश बंसल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









