दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र व सूरत नगर में विशेष अभियान चलाकर 58 अवैध कनेक्शन काटे

गुरुग्राम, 12 मार्च। शहर में अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में वीरवार को निगम की टीम द्वारा दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र और सूरत नगर इलाके में विशेष अभियान चलाकर अवैध कनेक्शनों की जांच की गई तथा 58 अवैध कनेक्शन काटे गए।
जांच के बाद 50 यूनिट का बल्क कनेक्शन सहित 8 अन्य कनेक्शन काटे

अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता सत्येंद्र कुमार, सुपरवाइजर कृष्ण कुमार, प्लंबर रमाशंकर सहित निगम टीम के अन्य सदस्यों ने क्षेत्र में गहन जांच की। जांच के उपरांत 50 यूनिट के एक बल्क कनेक्शन के अलावा 8 अन्य अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शन काट दिए गए। इनमें मुख्य रूप से ओद्योगिक व कमर्शियल यूनिट शामिल हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इससे पहले भी इस क्षेत्र में अवैध कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा दोबारा अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ लिए गए थे। वीरवार को टीम ने दोबारा मौके पर जांच कर जो कनेक्शन अवैध पाए गए, उन्हें तुरंत काट दिया गया।
पेयजल व सीवरेज कनेक्शन के लिए शुरू किया गया आसान ऑनलाइन मॉड्यूल

उल्लेखनीय है कि पेयजल और सीवरेज कनेक्शन प्राप्त करने की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाते हुए नगर निगम गुरुग्राम ने एक आसान और पारदर्शी ऑनलाइन मॉड्यूल शुरू किया है। एमसीजी द्वारा विकसित यह नया सिस्टम अब आधिकारिक वेबसाइट www.mcg.gov.in पर उपलब्ध है, जहां से नागरिक घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं।
इस नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ताओं को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। केवल अपनी प्रॉपर्टी आईडी और पहचान प्रमाण पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड आदि) के आधार पर नया पेयजल और सीवरेज कनेक्शन प्राप्त किया जा सकता है। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और नागरिक-हितैषी बन गई है।
अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार शहर में अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शनों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल वैध प्रक्रिया के माध्यम से ही पेयजल और सीवरेज कनेक्शन लें तथा निगम के ऑनलाइन सिस्टम का लाभ उठाएं।









