सीटीएम सपना यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुआ समाधान शिविर\
प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लगाए जा रहे समाधान शिविर

गुरुग्राम, 12 मार्च- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में जन समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य भर में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुग्राम के लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सीटीएम सपना यादव ने की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं को लेकर नागरिक पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष शिकायतें रखीं।
सीटीएम सपना यादव ने शिविर में प्राप्त शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका शीघ्र समाधान करना है, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने बताया कि जिले में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को कार्यदिवस के दिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों की मुख्यमंत्री स्वयं निगरानी करते हैं और शिविरों से जुड़कर उनकी प्रगति की जानकारी भी लेते हैं।
सीटीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने जिलावासियों से समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की, ताकि उनका जल्द से जल्द समाधान किया जा सके।
शिविर में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पेयजल, सामाजिक न्याय, पेंशन, परिवार पहचान पत्र तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि अन्य मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विशाल, एसीपी सुशीला, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।









