आरटीसी भोंडसी में कैंसर की रोकथाम व उपचार पर संगोष्ठी आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रशिक्षुओं को स्वस्थ जीवनशैली और समय पर जांच के प्रति किया जागरूक

गुरुग्राम, 10 मार्च — रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र (आरटीसी) भोंडसी के सभागार में पारस अस्पताल, गुरुग्राम के ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा कैंसर की रोकथाम और उपचार विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक, आरटीसी श्री राजेश लोहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए श्री राजेश लोहान ने कहा कि श्री विरेन्द्र विज के दिशानिर्देशानुसार प्रशिक्षण को तनाव रहित और संतुलित बनाने के लिए समय-समय पर सेमिनार, योग सत्र और विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आज पारस अस्पताल के वशिष्ठ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. गोवहार अहमद सिंगान को संगोष्ठी के मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि कैंसर अब पूरी तरह लाइलाज बीमारी नहीं है, लेकिन इसके कारण होने वाली मृत्यु दर अभी भी अधिक है, इसलिए समय पर जागरूकता और जांच अत्यंत आवश्यक है।

संगोष्ठी के दौरान डॉ. अहमद सिंगान ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कैंसर के प्रमुख कारणों में धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों का सेवन शामिल है। इसके साथ ही बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान, तैलीय पदार्थों का अधिक सेवन, योग और शारीरिक गतिविधियों की कमी भी शरीर की इम्यूनिटी सिस्टम को कमजोर करती है, जिससे कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि भारत में हर वर्ष लगभग 16 लाख नए कैंसर रोगी सामने आते हैं, जबकि 8 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु इस बीमारी के कारण हो जाती है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं में आमतौर पर स्तन और गर्भाशय से संबंधित कैंसर अधिक देखने को मिलता है। हालांकि समय पर चिकित्सीय जांच, वैक्सीनेशन और मैमोग्राफी के माध्यम से इसके लक्षणों की पहचान प्रारंभिक चरण में की जा सकती है। पहले और दूसरे चरण में अधिकांश कैंसर का उपचार संभव होता है, जबकि तीसरे और चौथे चरण में बीमारी शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल सकती है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराना अत्यंत आवश्यक है।

उप पुलिस अधीक्षक श्री राजेश लोहान ने डॉ. अहमद सिंगान को पौधा भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर डॉ. आइस्मा श्योराण, चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरटीसी भोंडसी, लाइन प्रबंधक उप निरीक्षक राजबीर, प्रविंद्र कुमार, अनीता, अब्दुल जब्बार, पवन, रीमा, सहायक उप निरीक्षक इंदु, अंजु, पवन, योगेंद्र, दिनेश, दीपक, विनोद सहित इंटरमीडिएट स्कूल कोर्स के 1075 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!