संयुक्त निरीक्षण के दौरान चलाया गया जागरूकता अभियान, 3आर सिद्धांत अपनाने और कचरा अलग करने के लिए लोगों को किया प्रेरित

गुरुग्राम, 10 मार्च। इफको चौक क्षेत्र में सड़क पर कचरा फेंकने के मामले में नगर निगम गुरुग्राम ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ढाबा संचालक से मौके पर ही कचरा उठवाया। साथ ही उसे भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराने पर ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।
सेक्टर-29 स्थित इफको चौक के गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की स्थिति का आकलन करना, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा स्थानीय नागरिकों को कचरा अलगाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था।
इस निरीक्षण के दौरान नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ एचएमएस टीम के सदस्य अनिरुद्ध प्रताप, मनोज और सनी सिंह भी उपस्थित रहे। टीम ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान इफको चौक के पास चिन्हित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि वहां किसी प्रकार का कचरा जमा न हो और क्षेत्र पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे। साथ ही आसपास के क्षेत्रों पर भी निगरानी रखते हुए यह देखा गया कि कहीं भी अवैध कचरा डंपिंग न हो।
इस अवसर पर स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के लोगों के बीच एक विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी ने लोगों को 3आर सिद्धांत अर्थात रिड्यूज, रियुज, रिसाइकल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखें, ताकि उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके।
एचएमएस टीम ने क्षेत्र में चल रही कचरा संग्रहण व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सफाई कर्मचारी निर्धारित समय पर कचरा उठा रहे हैं और स्वच्छता बनाए रखने के लिए तय मानकों का पालन किया जा रहा है। टीम ने सफाई कर्मचारियों को नियमित निगरानी और समय पर कचरा उठाने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि इफको चौक जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण चौराहे की स्वच्छता और सौंदर्य बना रहे। ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निरंतर निगरानी और सामुदायिक सहयोग से ही स्वच्छता को स्थायी रूप से बनाए रखा जा सकता है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण और जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाया जा सके। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने में सहयोग करें।







