त्रैमासिक लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर, वायु गुणवत्ता सुधार के लिए विभागों को समन्वय के निर्देश

गुरुग्राम, 9 मार्च । नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने सोमवार को निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित त्रैमासिक लक्ष्यों को हर हाल में समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने कहा कि शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि तय किए गए लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।
सीएचएस पोर्टल पर विभागों की मैपिंग के लिए एक सप्ताह की समयसीमा
बैठक में मौजूद एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने कहा कि वे जीएमडीए के सीएचएस पोर्टल पर अपने-अपने विभागों को मैप कराएं। इसके लिए उन्होंने एक सप्ताह की समयसीमा निर्धारित की, ताकि विभिन्न एजेंसियों से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों की निगरानी और समन्वय बेहतर तरीके से किया जा सके।
ग्रीन क्रेमेटोरियम पर 20 मार्च तक निर्णय लेने के निर्देश
बैठक के दौरान एमसीजी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे ग्रीन क्रेमेटोरियम के लिए स्थान और उपयोग में आने वाली तकनीक के बारे में 20 मार्च तक निर्णय लें। इससे पर्यावरण के अनुकूल अंतिम संस्कार व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में कमी लाने में मदद मिलेगी।
सड़क सुधार कार्य में गुणवत्ता और गति बढ़ाने के निर्देश
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों से कहा कि शहर में चल रहे सड़क सुधारीकरण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इन कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य एंड-टू-एंड किया जाए, ताकि धूल प्रदूषण को प्रभावी ढंग से कम किया जा सके।
ग्रीन कवर बढ़ाने और ग्रीन बेल्ट कार्यों पर जोर
बैठक में ग्रीन कवर बढ़ाने पर विशेष फोकस करने की हिदायत दी गई। इस दौरान जीएमडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि लगभग 30 किलोमीटर ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों को सड़क की सतह से नीचा करने का कार्य चल रहा है। इस परियोजना को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे हरियाली बढ़ाने, बरसाती पानी रिचार्ज और धूल नियंत्रण में मदद मिलेगी।
ईवी चार्जिंग व बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने पर चर्चा
बैठक में सीएक्यूएम के नए दिशा-निर्देशों के तहत 3 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में ईवी चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और प्रदूषण को कम करना है।
प्रदूषण नियंत्रण के तहत 30 इंडस्ट्री सील
बैठक में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के अधिकारियों ने बताया कि विभाग प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बिना सीटीओ/सीटीई के संचालित 30 उद्योगों को सील किया गया है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है। निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए सभी एजेंसियों को मिलकर काम करना होगा, ताकि गुरुग्राम में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में एनएचएआई, एचएसआईआईडीसी, जीएमडीए, जीएमसीबीएल, पीडब्ल्यूडी, एचएसपीसीबी, ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।







