देखरेख के अभाव में बदहाल हुआ सेक्टर-4 का कम्युनिटी सेंटर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगह-जगह गंदगी और पत्थरों के ढेर, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर मंडराता खतरा

गुरुग्राम। आमजन की सुविधा तथा शादी समारोह, सामाजिक कार्यक्रमों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए निर्मित सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर आज उपेक्षा का शिकार बन चुका है। नगर निगम की अनदेखी के चलते सामुदायिक भवन की स्थिति दिन-ब-दिन दयनीय होती जा रही है। परिसर में जगह-जगह मिट्टी और पत्थरों के ढेर लगे हैं, जबकि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

इस संबंध में वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम के प्रधान एवं ऊर्वा के संरक्षक धर्मसागर ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि यह कम्युनिटी सेंटर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक मेल-जोल, योग और प्रातः भ्रमण का प्रमुख केंद्र है, लेकिन वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि प्रांगण में बिखरे पत्थर और जमी हुई मिट्टी न केवल अव्यवस्था को दर्शाते हैं, बल्कि यहां आने वाले बुजुर्गों के लिए गंभीर खतरा भी पैदा कर रहे हैं। “हर दिन सुबह योग और सैर के लिए आने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। कभी भी कोई वरिष्ठ नागरिक फिसलकर चोटिल हो सकता है,” उन्होंने आशंका जताई।

धर्मसागर ने बताया कि कई वर्षों से भवन का समुचित रखरखाव नहीं किया गया है। न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही परिसर की मरम्मत। इससे उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रवासी इस समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों से मिल चुके हैं और उन्हें स्थिति से अवगत भी कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि कम्युनिटी सेंटर की तत्काल सफाई कराई जाए, परिसर से मलबा और पत्थरों के ढेर हटाए जाएं तथा नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यह भवन पुनः अपने उद्देश्य के अनुरूप क्षेत्रवासियों की सेवा कर सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें