हरियाणा में समय पर पूरी होंगी बड़ी परियोजनाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे हर महीने समीक्षा

100 प्रमुख परियोजनाओं की होगी उच्चस्तरीय निगरानी

सतत निगरानी को बनेगी वरिष्ठ अधिकारियों की टास्क फोर्स

चंडीगढ़, 24 फरवरी-हरियाणा में व्यापक आर्थिक, सामाजिक और दीर्घकालिक प्रभाव वाली 100 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की पहचान कर उनकी उच्चतम स्तर पर निगरानी की जाएगी ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी हो सकें। इसके लिए सम्बन्धित विभाग के 4-5 अधिकारियों की टास्क फोर्स बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हर महीने खुद इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे ताकि इनमें आने वाली बाधाओं को दूर कर क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज यहां विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह टास्क फोर्स माइलस्टोन की निगरानी करेगी, विलंब की पहचान करेगी तथा आवश्यकता अनुसार अंतर-विभागीय समन्वय सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि सुशासन के परिणामों को बेहतर बनाने और जन विश्वास को मजबूत करने के लिए प्रमुख विकास परियोजनाओं का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि विभाग अपनी-अपनी प्रमुख परियोजनाओं की पहचान कर जल्द से जल्द इनकी सूची एचएसआईआईडीसी को भिजवाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सूची में केवल वही परियोजनाएं शामिल की जाएं जिनका व्यापक और दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव हो।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बैठक में कुछ प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी और रीयल टाइम निगरानी तंत्र की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विभागों से अनुरोध किया कि वे अपनी परियोजनाओं की सूची शीघ्र भेजें, ताकि निगरानी प्रक्रिया बिना विलंब शुरू की जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें