एआई समिट में कांग्रेस की हरकत शर्मनाक, राष्ट्रीय शर्म बन चुके हैं राहुल गांधीः पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*यह हरकत कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन” को उजागर करती : बड़ौली*

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 20 फरवरी।  हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए राहुल को “राष्ट्रीय शर्म” करार दिया है। उन्होंने कहा कि भारत को अपमानित करने की एक सोची-समझी साजिश के तहत कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।

बड़ौली ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति “निम्नतम स्तर” पर पहुंच चुकी है और उनके उकसावे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्व के सबसे बड़े एआई इम्पैक्ट समिट’ जैसे मंच को विवादित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह कृत्य कांग्रेस के “वैचारिक दिवालियापन” को उजागर करता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, प्रगति और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर अग्रसर है, तब कांग्रेस केवल व्यवधान, बाधा और नकारात्मकता की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई इम्पैक्ट समिट’ को बदनाम करने की साजिश पहले से रची गई थी और सुनियोजित तरीके से लोगों को इकट्ठा कर अपमानजनक हरकत के लिए उकसाया गया।

बड़ौली ने कहा कि इस प्रकरण में कांग्रेस के चार पदाधिकारियों कृष्णा हरि (राष्ट्रीय सचिव, युवा कांग्रेस), कुंदन यादव (सचिव, बिहार युवा कांग्रेस), अजय कुमार (उपाध्यक्ष) और नरसिम्हा यादव (राष्ट्रीय समन्वयक) को गिरफ्तार किया गया है, जो इस पूरी साजिश की गंभीरता को दर्शाता है।

भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि एक ओर बुर्ज खलीफा भारत के एआई इम्पैक्ट समिट’ का सम्मान कर रहा था और दुनिया के बड़े टेक लीडर्स व राष्ट्राध्यक्ष भारत के नेतृत्व की सराहना कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने देश को शर्मिंदा करने की कोशिश की।  उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ते नहीं देख सकते और कांग्रेस का आचरण ऐसा प्रतीत होता है मानो वह देश के विरोधियों के हितों को साध रही हो।

राष्ट्र विरोधी बयानबाजी का इतिहास

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस का यह पहला अवसर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जी-20 शिखर सम्मेलन 2023 के दौरान भी कांग्रेस ने आलोचना की राजनीति की। इसके अलावा “ऑपरेशन सिंदूर”, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और डोकलाम विवाद के समय भी कांग्रेस ने सशस्त्र बलों की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि संसद में विदेशी प्रतिनिधि मंडलों की मौजूदगी के दौरान भी विपक्षी सांसदों द्वारा अराजकता फैलाने की घटनाएं हुईं। वहीं, जब प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय समझौते कर रहे हैं, तब कांग्रेस निराधार आलोचना में लगी रहती है।

बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जैसे शहरों में बम धमाके आम बात थे, जबकि आज भारत जी-20 और एआई समिट जैसे वैश्विक आयोजनों की सफल मेजबानी कर रहा है, यह बदलाव कांग्रेस पचा नहीं पा रही।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि तमाम बाधाओं के बावजूद यह शिखर सम्मेलन भारत के लिए ऐतिहासिक सफलता रहा। इसमें 100 से अधिक देशों ने भाग लिया, लगभग 20 राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष शामिल हुए और हजारों वैश्विक सीईओ, शोधकर्ता, स्टार्टअप व नीति निर्माता उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में 2.5 लाख से अधिक पंजीकरण हुए और एक्सपो में लगभग 30 देशों के 300 से अधिक प्रदर्शकों ने भाग लिया, जो भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक नेतृत्व को दर्शाता है।

मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की जनता राष्ट्रहित के साथ खड़ी है और भाजपा की नीति, नीयत व नेतृत्व पर भरोसा करती है। उन्होंने कांग्रेस से सकारात्मक राजनीति करने और देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का आग्रह किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें