एसआईआर पर राहुल गांधी का नैरेटिव बेनकाब, पहले संवैधानिक संस्था पर आरोप और अब चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद प्रलाप : डॉ. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस बताए वोट चोरी कौन करता है, जब उसके ही सांसद ने 2009 के चुनाव में तत्कालीन डीसी से विशेष मदद मिलने की बात कही

पलवल, 28 सितंबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने एसआईआर को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी आए दिन नए आरोप और भ्रामक नैरेटिव के जरिए संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए गए, जबकि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त वक्तव्य के बाद स्पष्ट हो गया कि एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर उनके बीच कोई असहमति नहीं थी। इसके बावजूद कांग्रेस अपने आरोपों को सही साबित करने के लिए बार-बार वही बातें दोहरा रही है।

सोमवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में राज्यमंत्री गौरव गौतम, राज्यमंत्री राजेश नागर और वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे नेता से अपेक्षा होती है कि वह तथ्यों के आधार पर बात करें। विदेशों में देश की संस्थाओं पर सवाल उठाना और संसद में सकारात्मक चर्चा के बजाय व्यवधान पैदा करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब गांधी परिवार के तीन सदस्यों को सकारात्मक संसदीय चर्चा में भाग ही नहीं लेना है तो वे इन सीटों का सदुपयोग क्यों नहीं करते।

उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सुनिश्चित करना और मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है। कांग्रेस द्वारा भाजपा पर वोट चोरी के आरोपों पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने वर्ष 2009 के चुनाव का जिक्र करते हुए तत्कालीन झज्जर डीसी और वर्तमान आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश से विशेष मदद मिलने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि वोट चोरी वास्तव में कौन करता है।

कांग्रेस और इनेलो की सभाओं में भीड़ तथा भाजपा की चुनावी सफलता से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, कार्यकर्ताओं का परिश्रम, राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता में बना विश्वास है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बदलने की चर्चाओं और उनके पंजाब दौरों से जुड़े सवाल पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार हरियाणा के विकास की चिंता कर रहे हैं। उनकी 217 घोषणाओं में से 70 पूरी हो चुकी हैं। हरियाणा में दो लाख युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मुख्यमंत्री को आत्मीयता से आमंत्रित करते हैं और भाजपा पंजाब में भी लगातार अपना जनाधार बढ़ा रही है। उन्होंने पंजाब में नशे और नौकरियों से जुड़े मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा।

युवाओं के भाजपा से जुड़ाव पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है और देश की युवा शक्ति के परिश्रम तथा प्रतिभा के बल पर भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे हरियाणा में वृक्षारोपण, रक्तदान और स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। 2 अक्टूबर को सुबह 8 से 10 बजे तक प्रदेशभर में सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। नमो सेवा पोर्टल के माध्यम से लोग श्रमदान एवं अन्य सेवा कार्यों से जुड़ सकते हैं। मोतियाबिंद के लिए पंजीकरण कराने वाले जरूरतमंद लोगों की सरकार के सहयोग से निशुल्क सर्जरी भी कराई जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, जिला प्रभारी नागेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!