खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दे रही है सरकार – मुख्यमंत्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प

 हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया प्रदेश का गौरव- मुख्यमंत्री

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 1,100 करोड़ रुपये खर्च: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़,28 सितंबर – पंचकूला की धरती आज उस समय युवा ऊर्जा, खेल भावना और नशामुक्त भारत के संकल्प की साक्षी बनी, जब हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ताऊ देवीलाल खेल परिसर सेक्टर-3 स्थित क्रिकेट ग्राउंड में नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं की प्रेरणा के स्रोत अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। ग्रैंड फिनाले के दौरान 4 अक्टूबर तक मुख्य मुकाबले खेले जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में पंचकूला में ही नमो क्रिकेट लीग-2026 की ट्रॉफी का अनावरण किया गया था।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उदेश्य से आयोजित की जा रही नमो क्रिकेट लीग में 5 राज्यों की 3 हजार 200 से अधिक टीमों और 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया है।  विभिन्न राज्यों से जीतकर 32 टीमें यहां पहुंची हैं। यह लीग आगामी 4 अक्तूबर तक चलेगी। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट, सहयोगी संस्थाओं, आयोजन समिति, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रत्येक सहभागी को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।

 उन्होंने कहा की इस लीग का नाम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम और उनके सेवा-संकल्प से जुड़ा है। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति माना है। उन्होंने खेल को स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा है। उन्हीं के प्रयासों से ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था जैसी पहलों से देश में खेलों का नया वातावरण बना है। आज छोटे शहरों, गांवों और साधारण परिवारों से निकलकर हमारे बेटे-बेटियां दुनिया के मंच पर तिरंगा ऊंचा कर रहे हैं। यही बदलते भारत की पहचान है। यही पहचान आपको इन दिनों जापान में चल रहे एशियाई खेलों में देखने को मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा की हरियाणा की मिट्टी में खेल और खिलाड़ी दोनों रचे-बसे हुए हैं। ओलंपिक हो, पैरालंपिक हो, एशियाई खेल हाँ, राष्ट्रमंडल खेल हों या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं-हरियाणा के खिलाड़ियों ने बार-बार सिद्ध किया है कि छोटा प्रदेश होते हुए भी हमारा हौसला बहुत बड़ा है। यही हौसला हाल ही में ग्लासगो में हुए 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में देखने को मिला। इन खेलों में भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया। इनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते हैं। इनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।

 उन्होंने कहा की इन खेल उपलब्धियों का श्रेय प्रदेश के खिलाड़ियों की मेहतन और सरकार की खेल नीति को जाता है। हरियाणा की खेल नीति स्पष्ट है-प्रतिभा को पहचान, खिलाड़ी को सम्मान और खेल को मजबूत आधार देना। राज्य सरकार नर्सरियों, आधुनिक स्टेडियमों, प्रशिक्षण सुविधाओं, नकद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों के माध्यम से खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है ।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद इनाम दिए जाते हैं । पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश के 17 हजार 544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी है। इतना ही नहीं, हमने 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां भी दी हैं। खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए खेल के बुनियादी ढांचे का होना बेहद जरूरी है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग 1,100 करोड़ रुपये की राशि खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च की है। इसके अलावा खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने के लिए खेल नर्सरियों का जाल को बिछाया है। हमने प्रदेश में 2 हजार खेल नर्सरियां खोली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग की थीम नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना है। आज इस मंच से हम सब संकल्प लें कि न तो नशा करेंगे और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री में उपस्थित खिलाड़ियों और आमजन को नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।

इस मौके पर सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया।

कार्यक्रम में  चेयरमैन श्री मोहन लाल कौशिक, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवीनगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भोपाल खदरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!