चुनावी पारदर्शिता की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग, चुनावी फैसलों व मतदाता सूचियों में बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा पर जोर

पलवल में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया नेतृत्व

चंडीगढ़/पलवल, 28 सितंबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए चुनाव संबंधी फैसलों और मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा की मांग को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया। पार्टी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित प्रदर्शनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया।

कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत जिला कांग्रेस कमेटियों को 28 सितंबर को अपने-अपने जिला कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन मार्च निकालने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पलवल में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण सिंह दलाल भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोरी बंद करो’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ’ के नारे लगाते हुए मतदाता अधिकारों की सुरक्षा पर जोर दिया।

जनता के वोट की ताकत कमजोर नहीं होने देंगे : संजय दत्त

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि देश के सामने आज सबसे बड़ा सवाल लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की सुरक्षा का है। चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उनका जवाब पारदर्शी एवं संवैधानिक तरीके से दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमेशा जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा पर ‘वोट चोरी’ और ‘चंदा चोरी’ का आरोप लगाते हुए संजय दत्त ने कहा, “इन वोट चोरों और चंदा चोरों को हरियाणा से खदेड़ने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। जनता के वोट की ताकत को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस डटकर विरोध करेगी।”

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। यह चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता, मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़ा सवाल है।

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी फैसलों और मतदाता सूचियों में हुए बदलावों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देश की जनता के सामने आना चाहिए। कांग्रेस इन्हीं विषयों की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा की मांग कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित वोट चोरी और चंदा चोरी की राजनीति के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष गांव, बूथ और जिला स्तर तक जारी रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए सभी महत्वपूर्ण चुनावी निर्णयों तथा मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यापक समीक्षा कराने की मांग दोहराई।

जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए वचनबद्ध : राव नरेंद्र सिंह

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट केवल एक बटन दबाने का अधिकार नहीं, बल्कि देश की सत्ता तय करने का संवैधानिक अधिकार है। इसलिए मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “जनता के अधिकारों, देश के लोकतंत्र और संविधान को सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस वचनबद्ध है। कांग्रेस किसी भी परिस्थिति में जनता के मताधिकार के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेगी।”

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का भरोसा बना रहे।

उन्होंने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए सभी प्रमुख चुनाव संबंधी फैसलों, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस पहले भी इन मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर यह सवाल उठाती रहेगी कि यदि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, तो उससे जुड़े सवालों का जवाब देने में किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक चंदे में जवाबदेही, दोनों जरूरी हैं।

उन्होंने कहा कि जनता के वोट और अधिकारों से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। यदि मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने या हटाने, एसआईआर तथा अन्य चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया से मजबूत होता है।

जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी कांग्रेस : करण सिंह दलाल

वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण सिंह दलाल ने कहा कि जिला मुख्यालयों पर हुए प्रदर्शन इस बात का संदेश हैं कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और जनता के मताधिकार के सवाल पर पीछे हटने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी सत्ता या पद के लिए नहीं, बल्कि जनता के वोट, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर पर जाकर इन मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए करण सिंह दलाल ने कहा, “कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतर चुकी है और अब यह संघर्ष जारी रहेगा।”

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्यकर्ता प्रतिबद्ध : नेत्रपाल अधाना

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और हितों की लड़ाई के लिए सदैव तत्पर रहेगा। लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों को किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता इनके संरक्षण के लिए मजबूती से संघर्ष करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर पर जाकर सरकार की कथित जनविरोधी एवं तानाशाही नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे। जनता के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाने के साथ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त किया जाएगा। जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

इस अवसर पर देवेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष जाहिद अजमत, राजेंद्र कुमार खोखियाका, विनोद बैंसला, प्रिंस सौरोत, ओमप्रकाश बघेल, अनूप पाराशर और मोहम्मद बिलाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!