हरियाणा विज्ञान रत्न, युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार समारोह आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा कर रहा 11 प्रख्यात वैज्ञानिकों का सम्मान

28 फरवरी को लोक भवन में होगा वैज्ञानिक पुरस्कार समारोह

चंडीगढ़, 20 फरवरी – हरियाणा के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय द्वारा 28 फरवरी को हरियाणा लोक भवन में हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार एवं हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में 11 प्रख्यात वैज्ञानिकों का सम्मान किया जा रहा है।

सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा समारोह में बतौर विशिष्ठ अतिथि शिरकत करेंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह में वर्ष 2022 से 2024 तक के पुरस्कारों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 5 वैज्ञानिक तथा हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार 6 वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। 

5 वैज्ञानिकों को मिलेंगे हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार

उन्होंने बताया कि हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए सीएसआईआर भावनगर के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डा. अरविन्द कुमार व पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा के प्राध्यापक डा. राजकुमार, वर्ष 2023 के लिए भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी से सम्मानित आईआईएसईआर, मोहाली और एमेरिटस पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ की प्राध्यापक  डा. सुदेश कौर खंडूजा को तथा वर्ष 2024 के लिए क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केन्द्र फरीदाबाद के प्राध्यापक डा. दीपक थंकप्पन नायर व राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केन्द्र मानेसर के वैज्ञानिक डा. अनिर्बान बासू को सम्मानित किया जाएगा।

हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 6 वैज्ञानिक चयनित

प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए भारतीय प्रोैद्योगिकी संस्थान गांधीनगर के सहायक प्राध्यापक डा. विनीत वशिष्ट व डी वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान देहरादून के वैज्ञानिक डा. विकास, वर्ष 2023 के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान अगरतला के सहायक प्राध्यापक डा. परमवीर सिंह व भारतीय विज्ञान संस्थान बैंगलोर के सहायक प्राध्यापक डा. चिराग जैन तथा वर्ष 2024 के लिए आईआईएसईआर, मोहाली के सहायक प्राध्यापक डा. जोगेन्द्र सिंह एवं एलवीप्रसाद नेत्र संस्थान हैदराबाद की परामर्शदाता नेत्र चिकित्सक डा. स्वाति सिंह वैज्ञानिक को पुरस्कृत किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें