कमान सराय के ग्राउंड में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली बंद करे नगर निगम: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-जनता को सुविधाएं देने की बजाय वसूली पर ध्यान दे रहा है नगर निगम

-शहर में अच्छी सडक़ें, साफ नाले नहीं दे पा रहा नगर निगम

-सरकार पहले सरकारी अस्पताल, बस अड्डा बनाए, पार्किंग वसूली जरूरी नहीं

-जहां पार्किंग वसूल रहे, उसके कुछ दूरी पर है टूटा बस अड्डा व सरकारी अस्पताल

गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कमान सराय में नगर निगम द्वारा पार्किंग संचालित करने और फीस वसूलने का कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी के साथ सरासर अन्याय है और नगर निगम को हर जगह को कमाई का साधन नहीं बनाना चाहिए। एक तरह से यह अवैध वसूली है, इसे बंद किया जाना चाहिए। इस जगह पर पास की कालोनी गोपाल नगर के लोगों के वाहन भी खड़े होते हैं। उन लोगों ने भी इस पेड पार्किंग का विरोध किया है।

पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम में पहले से ही आम आदमी परेशान है। सडक़ किनारे गाड़ी खड़ी करो तो जीएमडीए की क्रेन आकर गाडिय़ां उठा ले जाती है और हजार से ज्यादा रुपये का चालान काट देती है। ट्रैफिक पुलिस भी नो-पार्किंग के चालान करती है। अब अगर व्यक्ति मजबूरी में निगम की बनाई पार्किंग में गाड़ी लगाता है तो वहां भी उससे पार्किंग फीस वसूली जा रही है। यह दोहरा शोषण है।उन्होंने कहा कि कमान सराय गुरुग्राम का ऐतिहासिक और भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र है। यहां रोजाना हजारों लोग अपने काम से आते हैं। आसपास बाजार है, कोर्ट है, कई सरकारी दफ्तर हैं। ऐसे में लोगों को गाड़ी खड़ी करने के लिए कोई मुफ्त और व्यवस्थित जगह नहीं दी गई है। निगम ने बिना कोई सुविधा दिए ही पार्किंग के नाम पर वसूली शुरू कर दी है। जहां पर यह पार्किंग वसूली जा रही है उसके दो तरफ कुछ दूरी पर ही टूटा बस अड्डा व सरकारी अस्पताल है। ये कब बनेंगें कुछ अता-पता नहीं, लेकिन कमान सराय ग्राउंड को पार्किंग का नाम देकर वसूली शुरू कर दी।

डावर ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम का काम जनता को सुविधा देना है, न कि हर खाली जगह को ठेके पर देकर पैसा कमाना। कमान सराय की जमीन जनता की है। वहां पार्किंग संचालित करने से पहले लोगों की राय ली जानी चाहिए थी। क्या वहां पार्किंग की जरूरत है, क्या फीस जायज है, इस पर कोई चर्चा नहीं हुई। सीधे ठेका दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासित नगर निगम में हर काम में भ्रष्टाचार हावी है। पार्किंग के ठेकों में भी कमीशन का खेल चल रहा है। जनता से वसूले गए पैसे का हिसाब-किताब जनता के सामने नहीं रखा जाता। सडक़ें टूटी हैं, नालियां जाम हैं, कूड़े के ढेर लगे हैं, लेकिन निगम का ध्यान सिर्फ वसूली पर है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने कहा कि जो लोग कमान सराय में मजदूरी करने आते हैं, छोटी-मोटी दुकान चलाते हैं या कोर्ट-कचहरी के काम से आते हैं, उनके लिए रोजाना 50-100 रुपये पार्किंग फीस देना बहुत बड़ा बोझ है। कई लोग तो पहले से ही महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह फीस उनकी जेब पर अतिरिक्त मार है। पंकज डावर ने मांग की कि नगर निगम कमान सराय में पार्किंग फीस वसूलने का फैसला तुरंत वापस ले। अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर वहां धरना-प्रदर्शन करेगी और नगर निगम कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। गुरुग्राम को लूट का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें