08 फरवरी को गुरुग्राम के दो केंद्रों पर दो शिफ्टों में होंगी इंजीनियरिंग सर्विसेज व संयुक्त भू-वैज्ञानिक प्रारंभिक परीक्षाएं
गुरुग्राम, 06 फरवरी। गुरुग्राम में 08 फरवरी को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित इंजीनियरिंग सर्विसेज (प्रारंभिक) परीक्षा–2026 और संयुक्त भू-वैज्ञानिक (प्रारंभिक) परीक्षा–2026 के सफल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एडिशनल लेबर कमिश्नर (एएलसी) कुशल कटारिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। लघु सचिवालय में हुई इस बैठक में सेंटर सुपरवाइजर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एएलसी कुशल कटारिया ने परीक्षाओं को अत्यंत संवेदनशील और प्रतिष्ठित बताते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा, अनुशासन, समयबद्धता तथा गोपनीयता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पहले ही पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की शंका या व्यावहारिक कठिनाई हो तो उसका समाधान परीक्षा से पूर्व ही कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि, एलआईओ, पुलिस और डाक विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकें।
एएलसी ने जानकारी दी कि इंजीनियरिंग सर्विसेज (प्रारंभिक) परीक्षा–2026 दो चरणों में आयोजित होगी। पहला चरण सुबह 09:00 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा चरण दोपहर 02:00 बजे से 05:00 बजे तक होगा। इसी प्रकार संयुक्त भू-वैज्ञानिक (प्रारंभिक) परीक्षा–2026 भी दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें पहला चरण सुबह 09:00 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा चरण दोपहर 02:00 बजे से 04:00 बजे तक निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं का आयोजन जिले के दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा, जहां कुल 344 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। ऐसे में सभी संबंधित विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।







