नागरिक सेवाओं की समीक्षा, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 04 फरवरी। डीसी अजय कुमार ने बुधवार को पटौदी स्थित लघु सचिवालय में सरल सेवा केंद्र का निरीक्षण कर वहां दी जा रही नागरिक सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर आमजन से सीधे बातचीत की और सेवाओं की उपलब्धता, प्रक्रिया एवं सुविधा स्तर को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। डीसी ने कहा कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समय पर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उनके निरीक्षण दौरे में पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच भी मौजूद रहे।
डीसी अजय कुमार निरीक्षण के दौरान सरल केंद्र में व्हीकल पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, एफिडेविट, जमाबंदी सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े अन्य काउंटरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक काउंटर पर नागरिकों को सही जानकारी दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी न हो। डीसी ने कहा कि सेवा केंद्र में साफ-सफाई, बैठने की उचित व्यवस्था और सूचना संबंधी फ्लैक्स व बोर्ड स्पष्ट एवं आम भाषा में होने चाहिए, ताकि लोगों को प्रक्रिया समझने में आसानी हो।
डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में कार्यशैली को और अधिक सहज, सुव्यवस्थित एवं सहयोगात्मक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी यह सुनिश्चित करे कि नागरिकों के कार्य तय प्रक्रिया के अनुसार, बिना किसी अनावश्यक विलंब के पूरे हों। डीसी ने कहा कि सेवा केंद्रों में आने वाले लोगों के साथ शालीन व्यवहार, स्पष्ट मार्गदर्शन और समय पर समाधान ही अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था की पहचान है।







