सरकारी स्कूल, ग्राम पंचायतें, निजी शिक्षण संस्थान कर सकते है आवेदन –
चंडीगढ़/भिवानी, 3 फरवरी 2026 – पेरिस इंटरनेशनल ओलम्पिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि हरियाणा प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की शुरुआती स्तर पर पहचान व प्रशिक्षण के लिये सरकारी स्कूल, ग्राम पंचायतें, निजी शिक्षण संस्थान में खेल नर्सरी स्थापित करने हेतु आवेदन 15 फरवरी 2026 तक आमंत्रित हैं।
केवल ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल चयनित खेलों के लिए ही नर्सरी खोली जाएगी। खेल नर्सरी योजना 2026–27 (हरियाणा) के अंतर्गत सामान्यतः ओलंपिक, एशियन व कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल निम्न चयनित खेलों के लिए नर्सरी स्वीकृत की जाती है :
शतरंज, एथलेटिक्स, कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टेनिस, हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, जिम्नास्टिक्स, शूटिंग, तैराकी, साइक्लिंग इत्यादि
शतरंज सहित चयनित खेलों के लिए आवेदन आमंत्रित –
खेल विभाग हरियाणा द्वारा राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने तथा उभरती प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल नर्सरी योजना 2026–27 के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यह योजना सरकारी स्कूलों, ग्राम पंचायतों एवं मान्यता-प्राप्त निजी शिक्षण संस्थानों में खेल नर्सरी स्थापित करने हेतु लागू की गई है। योजना के अंतर्गत केवल ओलंपिक, एशियन एवं कॉमनवेल्थ खेलों में सम्मिलित चयनित खेलों के लिए ही नर्सरी स्वीकृत की जाएगी। इन खेलों में शतरंज भी सम्मिलित है, जो एशियन गेम्स में मान्यता प्राप्त बौद्धिक खेल है।
चयनित संस्थानों में प्रशिक्षित कोच के माध्यम से बच्चों को नियमित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार किए जा सकें।







