यातायात नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, तीन जोनल अधिकारी निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसीपी ट्रैफिक के औचक निरीक्षण में बॉडी कैमरा आदेशों की अनदेखी उजागर, निजी वाहन पर फर्जी टेम्परेरी नंबर प्लेट भी पकड़ी

गुरुग्राम | 02 फरवरी 2026 – यातायात नियमों और विभागीय आदेशों की अनदेखी पर पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, आईपीएस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन जोनल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

डीसीपी ट्रैफिक द्वारा दौलताबाद, कापड़ीवास एवं न्यू कॉलोनी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चालान की कार्रवाई करते समय बॉडी कैमरा के अनिवार्य प्रयोग से संबंधित पूर्व में जारी आदेशों की समुचित पालना नहीं की जा रही थी। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए

  • दौलताबाद चौक जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश,
  • कापड़ीवास बॉर्डर जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक रामरिछपाल,
  • न्यू कॉलोनी जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक सतीश
    को निलंबित कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि दौलताबाद चौक पर तैनात एएसआई सुरेश द्वारा प्रयुक्त निजी वाहन पर वैध रजिस्ट्रेशन नंबर होते हुए भी टेम्परेरी नंबर प्लेट लगाई गई थी। यह स्पष्ट यातायात नियम उल्लंघन पाया गया, जिस पर संबंधित वाहन का नियमानुसार चालान किया गया।

पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यातायात नियमों एवं विभागीय आदेशों का पालन हर हाल में अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, नियम उल्लंघन या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें