मनरेगा बचाओ संग्राम का आगाज, भाजपा सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेवाड़ी। जिले के कोसली विधानसभा क्षेत्र के गांव नांगल भगवानपुर में हरियाणा युवा कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा के समानांतर नई रोजगार गारंटी योजना विकसित भारत–जी राम जी (वीबी-जी राम जी) लागू किए जाने के विरोध में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने की, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत हरियाणा युवा कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर पर आंदोलन तेज करेगी। गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और भाजपा सरकार के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा अब पूरी तरह उजागर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां पिछले वर्ष मनरेगा के लिए 86 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा गया था, वहीं नई योजना विकसित भारत–जी राम जी (वीबी-जी राम जी) के लिए सरकार ने 95,692 करोड़ रुपये और मनरेगा के लिए सिर्फ 30,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह साफ संकेत है कि भाजपा सरकार मनरेगा को कमजोर कर उसे खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा लागू की गई मनरेगा योजना करोड़ों गरीब, किसानों और मजदूरों की आजीविका का आधार रही है, लेकिन भाजपा सरकार अब उसके बराबर में नई योजना लाकर मनरेगा को धीरे-धीरे बंद करना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस यह साजिश किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि सरकार नई योजनाओं की घोषणा करने में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर मजदूरों को न तो पूरा काम मिल रहा है और न ही समय पर मजदूरी। भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है।

बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के जरिए भाजपा सरकार का असली उद्देश्य मनरेगा को समाप्त करना है। कांग्रेस सरकार की ओर से शुरू की गई मनरेगा योजना ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली थी, लेकिन आज भाजपा सरकार राजनीतिक सोच के तहत इस योजना को खत्म करने पर आमादा है। निशित कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध जारी रखेगी।

इस अवसर पर राजप्रकाश जिलाध्यक्ष, पूर्ण सरपंच, प्रकाश सरपंच, जयप्रकाश मास्टर, सतबीर गिरदावर, वीर सिंह, पुनीत मल्हान जिलाध्यक्ष महेंद्रगढ़, पवन यादव कोसली विधानसभा अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें