कहा : रिफॉर्म एक्सप्रेस पटरी से उतरी, गरीब-किसान-युवा पर चढ़ गई ट्रेन
रणदीप सुरजेवाला का मोदी सरकार पर तीखा हमला – राजनीतिक दिवालियापन, नीतिगत खोखलापन और शोषितों पर जुल्म
चंडीगढ़, 1 फरवरी 2026 – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्रीय बजट 2026-27 को तीखे शब्दों में खारिज करते हुए इसे गरीबों की हकमारी का काला बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राजनीतिक रूप से पूरी तरह दिशाहीन, नीतिगत रूप से दिवालिया और शोषित-वंचित वर्गों के खिलाफ है।
सुरजेवाला ने कहा कि जब ‘नायब’ सरकार हो तो हरियाणा और देश के गरीबों, किसानों, युवाओं के साथ हकमारी बार-बार होगी। बजट में किसान, बेरोजगार युवा, मजदूर, एस सी, एसटी व ओबीसी श्रमिक और सामाजिक क्षेत्रों के लिए एक शब्द तक नहीं। यह नामों-निशान मिटाने वाला बजट है गरीब कल्याण में भारी कटौती का बजट है।
सुरजेवाला ने कहा कि इस बजट ने गरीब व किसान पर सीधा हमला बोला है। कुल खर्च में ₹1,00,503 करोड़ की भारी कटौती की गई है। पूंजीगत खर्च में ₹1,44,376 करोड़ की भारी कटौती की गई है। ग्रामीण विकास बजट में ₹53,067 करोड़ की कटौती की गई है। शहरी विकास बजट में ₹39,573 करोड़ की कटौती की गई है। सामाजिक कल्याण बजट में ₹9,999 करोड़ की कटौती की गई।कृषि (खेती) बजट में ₹6,985 करोड़ की कटौती की गई। शिक्षा बजट में ₹6,701 करोड़ की कटौती की गई।स्वास्थ्य बजट में ₹3,686 करोड़ की कटौती की गई। उत्तर-पूर्वी राज्यों के बजट में ₹1,436 करोड़ की कटौती की गई।
सुरजेवाला ने कहा कि आज संतशिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के मौके पर भाजपा सरकार ने दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों से घोर अन्याय किया है। शोषितों का हक काटना भयंकर भेदभाव है। पीएम अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना पर ₹890 करोड़ की कटौती की गई।पीएम यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप (ओबीसी, ईबीसी, डीएनटी के लिए) पर ₹690 करोड़ कटौती की गई। एससी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप पर ₹360 करोड़ की कटौती कर दी।आदिवासी विकास बजट पर ₹1,559 करोड़ कटौती कर दी।
रणदीप सुरजेवाला ने बजट को तकनीकी मंबो-जंबो से भरा हुआ बताया, जिसमें ढेर सारी कमेटियां हैं लेकिन जीरो डिलिवरेबल्स। उन्होंने कहा कि यह रिफॉर्म एक्सप्रेस नहीं – स्टेशन छोड़ने से पहले ही पटरी से उतर गई अराजकता की ट्रेन है। इस बजट से प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के दावे खोखले साबित हुए।







