सडक़, ड्रेनेज व सीवरेज से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
गुरुग्राम, 20 जनवरी। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्यिक मंत्री राव नरबीर सिंह मंगलवार को नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, चीफ इंजीनियर विजय ढाका तथा एचएसआईआईडीसी के अतिरिक्त महाप्रबंधक अरुण गर्ग व अन्य निगम अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की प्रमुख सडक़ों, ड्रेनेज और सीवरेज से संबंधित समस्याओं व प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा मंत्री द्वारा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सेक्टर-46 में सडक़ व ड्रेनेज कार्यों के लिए करोड़ों के प्रस्ताव
बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने मंत्री को अवगत कराया कि सेक्टर-46 में 18 मीटर चौड़ी सडक़ के निर्माण के लिए 6.87 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में है। इसके अतिरिक्त 12 मीटर चौड़ी सडक़ों की रिकार्पेटिंग के लिए 2.49 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि सेक्टर-46 में 18 मीटर सडक़ के साथ लगती स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की सफाई के लिए 29 लाख रुपये का प्रस्ताव भी प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में है।
सेक्टर-46 मार्केट के लिए 10 करोड़ की डीपीआर
सेक्टर-46 की मार्केट के समग्र विकास को लेकर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत की डीपीआर तैयार की जा रही है। इस डीपीआर में मार्केट की सडक़ों का सुदृढ़ीकरण, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा पर्याप्त पार्किंग सुविधा विकसित करने का प्रावधान शामिल है।
गाडौली रोड परियोजना एक वर्ष में होगी पूरी
गाडौली रोड के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि पटौदी चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सडक़ का निर्माण नगर निगम गुरुग्राम द्वारा किया जाएगा, जबकि उमंग भारद्वाज चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक सडक़ का निर्माण एचएसआईआईडीसी द्वारा किया जाएगा। इस परियोजना में सडक़, ड्रेनेज, सीवरेज और फुटपाथ का निर्माण शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नरसिंहपुर में जलभराव समाधान के लिए समन्वित कार्य
नरसिंहपुर क्षेत्र के बारे में बताया गया कि यहां एचएसआईआईडीसी द्वारा एक ड्रेन का निर्माण किया जाएगा, जबकि एनएचएआई द्वारा कल्वर्ट का निर्माण प्रस्तावित है। इसके साथ ही जीएमडीए द्वारा कच्ची ड्रेन को पक्का किया जाएगा और नगर निगम द्वारा खांडसा एमपीएस लाइन तक एक नई सीवर लाइन डाली जाएगी। इन समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान होने की उम्मीद है।
बैठक में बेगमपुर खटौला के सीवरेज मुद्दे, टीकली रोड तथा गाडौली श्मशान घाट रोड से संबंधित समस्याओं की भी उद्योग मंत्री को जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में चार स्थानों पर सब्जी मंडी के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्णय भी लिया गया।
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मंत्री ने यह भी कहा कि सडक़, सीवरेज और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार से न केवल नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सडक़ निर्माण शुरू करने से पूर्व ड्रेनेज व सीवरेज की सफाई व मरम्मत से संबंधित कार्य पहले पूरे किए जाएं। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर पड़े बिजली व स्ट्रीट लाईट के खंभों को हटाया जाए।









