पंजाब केसरी समाचार समूह के विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला – चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 20 जनवरी 2025। संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने पंजाब केसरी समाचार समूह के विरुद्ध की जा रही निरंतर दमनात्मक एवं मनमानी प्रशासनिक कार्रवाइयों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाइयाँ प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों के सर्वथा विपरीत हैं।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि पंजाब राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा प्रतिष्ठित पंजाब केसरी समाचार समूह को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से पंजाब केसरी की लुधियाना इकाई को तत्काल बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं, जो प्रथम दृष्टया असंवैधानिक, दुर्भावनापूर्ण तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के प्रतिकूल प्रतीत होते हैं।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) के अंतर्गत प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं प्रेस की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का स्पष्ट उल्लंघन है। प्रशासनिक शक्तियों का इस प्रकार चयनात्मक एवं दुर्भावनापूर्ण प्रयोग कर किसी समाचार पत्र समूह को प्रताड़ित करना लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था की मूल भावना के विरुद्ध है।

चौधरी संतोख सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आलोचनात्मक एवं स्वतंत्र पत्रकारिता को दबाने के उद्देश्य से संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। पंजाब केसरी समाचार समूह ने सदैव निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहित में उत्तरदायी पत्रकारिता की है। उसके विरुद्ध की जा रही यह कार्रवाई न केवल प्रेस पर अनुचित दबाव बनाने का प्रयास है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करने की साजिश भी है।

उन्होंने कहा कि समाचार पत्र के कार्य में बाधा उत्पन्न करना और दमनकारी कदम उठाना लोकतंत्र की हत्या के समान है। इस प्रकार की तानाशाही मानसिकता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

चौधरी संतोख सिंह ने मांग की कि वह तत्काल प्रभाव से पंजाब केसरी की लुधियाना इकाई को बंद करने के आदेश को वापस ले और प्रेस की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करना बंद करे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें