राष्ट्रीय हड़ताल का गुरुग्राम में व्यापक असर, सरकारी विभागों का कामकाज ठप्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 12 फरवरी। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रीय हड़ताल का गुरुग्राम में व्यापक असर देखने को मिला। हजारों कर्मचारी और मजदूर पुराने नगर निगम कार्यालय के सामने हॉस्पिटल ग्राउंड में एकत्रित हुए और सेशन हाउस चौक, अग्रवाल धर्मशाला चौक तथा महावीर चौक बस स्टैंड तक जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन की संयुक्त अध्यक्षता सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान बसंत कुमार, एटक से अनिल पंवार, इंटक के प्रधान अमित यादव, एचएमएस से बी.एस. यादव और एआईयूटीयूसी से सरवन गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुशील शर्मा ने किया।

हड़ताली कर्मचारियों और मजदूर नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि लेबर कोड्स, बिजली संशोधन बिल, न्यूक्लियर एनर्जी कानून (शांति) और बीवीजी रामजी बिल को वापस लेने, ठेका कर्मियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, निजीकरण पर रोक लगाने, खाली पद भरने, 30 हजार रुपये न्यूनतम वेतन लागू करने तथा आंगनवाड़ी, आशा और मिड-डे मील वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने सहित दर्जनों मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सभा को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य नेता एवं गुरुग्राम जिला प्रभारी जोगिंदर करोथा, जनवादी राज्य महिला समिति की महासचिव ऊषा सरोहा, अध्यापक संघ से सत्यनारायण यादव और मनोज यादव, नगरपालिका कर्मचारी संघ की राज्य सह-सचिव सुशीला देवी, वरिष्ठ नेता सचिन धर्मेंद्र जिंगला, कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा, गब्बर सिंह, दयाचंद, अशोक कुमार, सीमा देवी, अनीता, पिंकी, कैलाश, ट्रैक्टर यूनियन के प्रधान दया गुर्जर, आंगनबाड़ी की जिला प्रधान सरस्वती, आशा वर्कर यूनियन से मीरा देवी और रानी, मिड-डे मील वर्कर यूनियन से नीतू, मूर्ति देवी और निर्मला सहित कई नेताओं ने भाग लिया।

नेताओं ने दावा किया कि हड़ताल ऐतिहासिक रूप से सफल रही है और यदि मांगों पर शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मजदूर और किसान अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

सरकारी विभागों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित

हड़ताल के चलते अधिकांश सरकारी विभागों में कामकाज ठप्प रहा। नगर निगम के चारों जोनों में कार्य प्रभावित हुआ। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के हजारों कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से डिवीजन, सब-डिवीजन और कंप्लेंट सेंटर सूने पड़े रहे, जिससे बिजली खराबी, गलत बिल सुधार, मीटर बदलने और नए कनेक्शन जैसे कार्य बाधित हुए।

इसके अलावा एचएसवीपी में पब्लिक डीलिंग और सफाई कार्य प्रभावित रहे, जबकि हरियाणा पर्यटन के लगभग शत-प्रतिशत कर्मचारी हड़ताल पर रहे। पब्लिक हेल्थ, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, हैफेड, मंडी बोर्ड, पशुपालन एवं डेयरी, राजस्व, महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग सहित कई अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी हड़ताल में भाग लिया।

पुराने नगर निगम कार्यालय के सामने आयोजित सभा को ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन से राजेंद्र पाठक, संजीत यादव, वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत, उपप्रधान ज्ञान चंद, योगपाल, रिंकू बाल्मीकि, विक्रम, मनजीत और दिनेश कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!