ज्ञान, योग व चरित्र से हर नागरिक है धनवान : स्वामी रामदेव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महर्षि दयानंद सरस्वती को किया याद • राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में 3000 युवाओं ने किया सामूहिक अभ्यास

कुरुक्षेत्र, (प्रमोद कौशिक) 12 फरवरी : योग ऋषि स्वामी रामदेव ने कहा कि भले ही हम साधारण परिवार में जन्मे हों, लेकिन ज्ञान, योग और चरित्र के बल पर हर नागरिक वास्तव में धनवान है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सोच बड़ी और मेहनत कड़ी होनी चाहिए तथा लक्ष्य प्राप्ति तक रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने देश को वेदों की ओर लौटने का संदेश देने वाले महर्षि दयानंद सरस्वती को स्मरण करते हुए कहा कि वेद हमारी संस्कृति का मूल हैं और योग हमारी जीवन पद्धति है, इसलिए दिन की शुरुआत योग से ही होनी चाहिए।

स्वामी रामदेव वीरवार को गीता निकेतन विद्यालय के खेल मैदान में महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा और हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन जयदीप आर्य के साथ परिसर में पौधारोपण किया तथा मंच से दीप प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम में करीब 3000 युवाओं ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर ऊर्जा और अनुशासन का परिचय दिया।

युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि केवल सूर्य नमस्कार का अभ्यास ही नहीं, बल्कि सूर्य की तरह तेजस्वी बनना भी आवश्यक है। जिस प्रकार सूर्य अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार युवाओं को अपने शरीर को फौलादी और मस्तिष्क को ज्ञानवान बनाना चाहिए। उन्होंने प्रतिदिन भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी जैसे प्राणायाम करने का आह्वान करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार से पूरे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की यह पावन भूमि गीता के संदेश की साक्षी है, जहां ब्रह्म विद्या और योग विद्या का उपदेश दिया गया। इस धरती पर हजारों युवाओं का सूर्य नमस्कार करना एक बड़ी उपलब्धि है। योग करने वाले युवाओं में वे स्वामी विवेकानंद, महर्षि दयानंद और ऋषियों की चेतना देखते हैं।

योग के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं मुख्यमंत्री : सुभाष सुधा
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और इसे जन-जन तक पहुंचाने में स्वामी रामदेव का महत्वपूर्ण योगदान है। आज योग विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है और लगभग सभी देशों ने इसे अपनाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी योग के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। योग को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा योग आयोग का गठन किया गया है, जिसने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। विद्या भारती संस्थान भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग दे रहा है।

सूर्य नमस्कार अभियान में 55 लाख नागरिकों ने कराया पंजीकरण : जयदीप आर्य
हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन जयदीप आर्य ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से चल रहे सूर्य नमस्कार अभियान में इस बार प्रदेश के 55 लाख नागरिकों ने पंजीकरण कराया है। स्वामी विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) से शुरू हुआ यह अभियान महर्षि दयानंद जयंती पर संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में 1.14 करोड़, 2023 में 20 लाख, 2024 में 40 लाख और 2025 में 46 लाख लोगों ने सूर्य नमस्कार किया था।

उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता में आयुष, शिक्षा, खेल, पुलिस, स्वास्थ्य और जेल विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इस मौके पर आयुष विभाग के अतिरिक्त निदेशक बिजेंद्र हुड्डा, हरियाणा साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा, हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल, योग कोऑर्डिनेटर डॉ. जागीर सिंह, डॉ. ऋषिराज, अशोक रोशा, विजय नड्डा, प्राचार्य अनिल मदान, डॉ. मनीष कुकरेजा, ईश कुमार आर्य, गुलशन ग्रोवर, युद्धवीर, डॉ. निरुपमा भट्ट, राममेहर, मनजीत सिंह और डॉ. संदीप गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें