आईएमटी मानेसर स्थित स्कूल में एनडीआरएफ द्वारा स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 12 फरवरी। आईएमटी मानेसर स्थित सेक्टर 1 में बाल भारती स्कूल में एनडीआरएफ द्वारा स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर रेख सिंह मीणा, 7वीं बटालियन एनडीआरएफ, बठिंडा द्वारा किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान भूकंप, आग एवं बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित निकासी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में संयमित एवं सुनियोजित ढंग से बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया।

इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को रक्तस्राव नियंत्रण, सीपीआर एवं श्वास नली में अवरोध की स्थिति में प्राथमिक उपचार तकनीक, अस्थायी स्ट्रेचर तथा अस्थायी तैरने वाले उपकरणों के उपयोग की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा विकसित मोबाइल अनुप्रयोग — सचेत, मेघदूत, दामिनी एवं भूकंप — के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया, ताकि वे समय रहते आपदा संबंधी चेतावनी एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें