भाजपा की ‘फूट डालो–राज करो’ नीति से फरुखनगर सहित पूरा क्षेत्र विकास से वंचित
निर्वाचित प्रतिनिधि कर्तव्यों से विमुख, जनता के साथ किया गया राजनीतिक धोखा
फरुखनगर में बदहाली, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार चरम पर
जनता त्रस्त, प्रदेश सरकार मस्त — भाजपा सरकार पूर्णतया विफल
फरुखनगर, 20 जनवरी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे. तंवर ने फरुखनगर में आयोजित एक मीडिया मंत्रणा में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दक्षिण हरियाणा से निर्वाचित भाजपा जनप्रतिनिधियों की आपसी खींचतान और जहरीली बयानबाज़ी क्षेत्र के लिए बेहद घातक साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की “फूट डालो–राज करो” की नीति के चलते फरुखनगर और दक्षिण हरियाणा का विकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
कर्तव्यों से विमुख भाजपा प्रतिनिधि, क्षेत्र के साथ राजनीतिक धोखा
सुखबीर तंवर ने कहा कि भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधि अपने संवैधानिक और नैतिक कर्तव्यों से विमुख होकर केवल निजी राजनीतिक स्वार्थों में उलझे हुए हैं। जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें चुना था, वे पूरी तरह टूटी हैं। यह फरुखनगर और दक्षिण हरियाणा के लोगों के साथ सीधा राजनीतिक धोखा है।
11 साल का कुशासन, विकास से कोसों दूर फरुखनगर
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 11 वर्षों के कुशासन में फरुखनगर क्षेत्र विकास की दौड़ में बहुत पीछे छूट गया है। बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव, प्रशासनिक उदासीनता और बेलगाम भ्रष्टाचार ने आमजन का जीवन नारकीय बना दिया है।
वर्षों पुरानी बाईपास मांग आज भी अधूरी
तंवर ने बताया कि फरुखनगर बाईपास की मांग वर्षों से लंबित है। भारी वाहनों के कारण शहर के भीतर और बाहर जाम, प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है।
75 गांवों का केंद्र, फिर भी बस स्टैंड नहीं
उन्होंने कहा कि फरुखनगर झज्जर और गुरुग्राम के लगभग 75 गांवों का केंद्रीय स्थल है, लेकिन आज तक यहां एक ढंग का बस स्टैंड तक नहीं बनाया गया। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो भाजपा सरकार की संवेदनहीनता का स्पष्ट प्रमाण है।
जर्जर सड़कें, बढ़ती दुर्घटनाएं, प्रशासन मौन
क्षेत्र की संकरी और जर्जर सड़कों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन न सरकार और न ही प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, मरीजों को बाहर भटकना मजबूर
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए तंवर ने कहा कि फरुखनगर का अस्पताल अधूरा पड़ा है और कन्या अस्पताल की हालत अत्यंत दयनीय है। मजबूरी में मरीजों को रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली तक भटकना पड़ रहा है, जो एक सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।
अवैध कॉलोनियों की भरमार, सरकारी संरक्षण का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि फरुखनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों की भरमार है, जो सरकारी संरक्षण और भ्रष्टाचार का नतीजा है। बिना सीवर, सड़क और पेयजल व्यवस्था के धड़ल्ले से प्लॉट काटे जा रहे हैं, और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
योजनाएं कागजों में, भ्रष्टाचार चरम पर
स्वीकृत विकास योजनाएं केवल फाइलों और कागजों तक सीमित रह गई हैं। भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ चुका है कि आम जनता को किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
किसानों पर दोहरी मार: न डीएपी, न यूरिया
तंवर ने कहा कि क्षेत्र में किसानों को लगातार यूरिया खाद की किल्लत झेलनी पड़ रही है। बुआई के समय डीएपी नहीं मिला और अब यूरिया की कमी फसल और किसान की आय पर सीधा हमला है, लेकिन भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन है।
कांग्रेस जनता के साथ, सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान
सुखबीर जे. तंवर ने स्पष्ट किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस फरुखनगर की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और इन सभी मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जन आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी।
मीडिया मंत्रणा में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर बिशम्बर दयाल थानेदार, जगदेव यादव, पहलाद यादव खेड़ा, जयबीर जांघु, कृष्ण कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






